दहेज के लिए महिला को जलाकर मार डाला
रामपुर। अजीमनगर थाना क्षेत्र में ससुरालियों ने महिला को दहेज के लिए जलाकर मार दिया। मृतका के भाई ने थाने में ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है।
जनपद मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे अंतर्गत लालपुर तीतरी निवासी पातीराम ने बेटी शीला उर्फ शीतल की शादी आठ मई 2011 को अजीमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बगड़खा मझरा के राकेश पुत्र मुरारी लाल से की थी। आरोप है कि ससुराली दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। तीन लाख रुपये और बोलेरो कार की मांग करते थे। सात सितंबर को ससुरालियों ने उस पर मिट्टी तेल डालकर जला दिया। महिला की चीख सुनकर आसपास के लोग आ गए। जानकारी पर मायके से परिजन भी पहुंच गए। उसे इलाज के लिए दिल्ली ले गए, जहां बुधवार को महिला की मौत हो गई। देर शाम को शव रामपुर लाया गया। मृतका के भाई राजीव सिंह ने अजीमनगर थाने में पति समेत सास और ससुर के खिलाफ तहरीर दे दी है।
दहेज एक्ट में पांच पर मुकदमा
रामपुर : केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघाड़ियान निवासी वकील अहमद ने बहन शाहीन का निकाह अजीमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगलिया आकिल में किया था। आरोप है कि ससुराली दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर उसे जहर देकर मारने का प्रयास किया। अजीमनगर पुलिस ने अख्तर अली, फिरासत अली, रियासत अली, आयशा और आमना के खिलाफ दहेज एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की है।