खूनी संघर्ष के चार आरोपी गए जेल
रामपुर। मेहंदीनगर गांव में हुए खूनी संघर्ष के चार आरोपी बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिए। चारों से एक-एक तमंचा भी बरामद हुआ। पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
अजीमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मेहंदीनगर में 28 जुलाई को खूनी संघर्ष हुआ था। बाइक टकराने के मामूली विवाद के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। दोनों ओर से आधे घंटे ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और छह लोग घायल हुए थे। घायलों में महिलाओं और बच्चे भी थे। घटना से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया था। डीआइजी समेत डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी की। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने दोनों ओर से 38 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए। चार आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। गिरफ्तार आरोपियों में खलील, दिलशाद, नन्हे और शाहिद हैं। अजीमनगर थाना प्रभारी कुशलवीर सिंह ने बताया कि चारों से एक-एक तमंचा बरामद हुआ है। चारों को कोर्ट के आदेश पर बुधवार को जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को थाना पुलिस की चार टीमें बनाई हैं, जो ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। टीमों की मानीटरिंग एसपी और एएसपी कर रहे हैं। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा। उधर, खूनी संघर्ष के तीसरे दिन गांव में स्थिति सामान्य रही, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर थाने की पुलिस गांव में अब भी तैनात है।