जहन्नुम से निजात दिलाएगा रोजा
रामपुर । जुमा अलविदा को मस्जिदें नमाजियों से खचाखच भर गई। मस्जिदों के आसपास सड़कों पर भी नमाज अदा की गई। इस दौरान उलेमाओं ने तकरीर भी की।
जुमा अलविदा की नमाज को कई रोज से तैयारी की जा रही थी। जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी और प्रशासन नमाज की तैयारियों में लगे थे। जुमे को सुबह से ही लोगों ने नमाज की तैयारी की। इसके लिए अधिकतर लोगों ने अपने कारोबार, व्यापार और प्रतिष्ठान बंद रखे। वक्त से पहले ही लोग नमाज के लिए तैयार होकर मस्जिदों की तरफ चल पड़े। जामा मस्जिद में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी सुबह से ही आना शुरू हो गए। बारह बजे तक जामा मस्जिद नमाजियों से खचाखच भर गई। इसके बाद आने वालों को सड़क पर ही जगह मिल सकी। सर्राफा बाजार, बर्तन बाजार, गुइयां तालाब, शादाब मार्केट, चाकू बाजार, नसरुल्ला खां बाजार, पुरानी तहसील आदि में लंोगों ने सड़कों पर नमाज पढ़ी।
नमाज के दौरान उलेमाओं ने रमजान और कुरान की अहमियत को बयान किया। जामा मस्जिद में शहर काजी सैयद खुशनूद मियां ने नमाज अदा कराई। इससे पहले तकरीर भी की। कहा कि कुरान अल्लाह का नूर है। नूर हासिल करने को मेहनत कराई जा रही है। रोजे रखवाए जा रहे हैं। कुरान पढ़ने के लायक बन सको और सुनने के लायक बन सको। रोजा और कुरान बख्शीश कराएगा। हस्र के रोज रोजा अल्लाह से कहेगा कि मैने इसे भूख और प्यास से रोका है। इसलिए दोजख में न भेजा जाए। कुरान भी अल्लाह से सिफारिश करेगा। कहेगा कि मैंने इसे आराम करने से रोका है। इसने मेरी तिलावत की है। अल्लाह दोनों की सिफारिश को कुबूल फरमाएगा और बख्शीश करेगा। जामा मस्जिद मौलवी रेहान ने भी रमजान की अहमियत पर रोशनी डाली। उन्होंने सदका-ए-फित्र और जकात पर तफ्सील से बताया। नायब इमाम मौलवी फैजान ने भी तकरीर की। इंतजामिया कमेटी के सचिव मुकर्रम रजा इनायती ने सालाना रिपोर्ट पेश की।
शहर की अन्य मस्जिदें भी नमाजियों से भर गई। मोती मस्जिद, कोयले वाली मस्जिद, राजद्वारा की मस्जिद, कचहरी की मस्जिद, मदीना मस्जिद, एक मीनार की मस्जिद, मीना बाजार की मस्जिद, रेलवे स्टेशन की मस्जिद, ज्वालानगर की मस्जिद, अजीतपुर की लाल मस्जिद, मदीना मस्जिद आदि नमाजियों से खचाखच भर गई। लोगों ने मस्जिदों के बाहर सड़क पर भी नमाज अदा की।
:::::::::::::::::::
नमाज के दौरान रही कड़ी सुरक्षा
रामपुर: प्रशासन ने नमाज को लेकर शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की। जामा मस्जिद की ओर जाने वाले रास्तों को सुबह से ही बंद कर दिया गया। ऐसे रास्तों पर रिक्शा, बाइक, चार पहिया वाहन आदि नहीं जाने दिए। स्टेट बैंक चौराहे से ही वाहनों को जिला अस्पताल की ओर मोड़ दिया गया। उधर मोती मस्जिद से वाहनों को जामा मस्जिद की तरफ नहीं आने दिया। गुइया तालाब से भी पुलिस ने वाहन नहीं आने दिए। बाजार नसरुल्ला की ओर से भी वाहन रोक दिए गए, ताकि जाम की स्थिति पैदा न हो। मस्जिद के चारो ओर पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारी भी तैनात रहे।
:::::::::::::::
प्रशासन और पालिका का आभार जताया
रामपुर: शहर की सभी मस्जिदों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। साथ ही नगर पालिका ने भी बेहतर सफाई व्यवस्था कराई। मस्जिदों के आसपास दूर-दूर तक चूना डाला गया। पानी आदि की व्यवस्था भी करी गई। इस पर जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी की ओर से सचिव मुकर्रम रजा इनायती ने प्रशासन और नगर पालिका का आभार जताया।
यूनिवर्सिटी की तरक्की को दुआ
रामपुर : जामा मस्जिद में नमाज के बाद शहर काजी सैयद खुशनूद मियां ने दुआ कराई। देश और शहर के अमन को दुआ की गई। लोगों की परेशानी दूर करने के लिए दुआ की गई। साथ ही मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की तरक्की के लिए भी दुआ की गई। यूनिवर्सिटी को अल्पसंख्यक किरदार मिलने पर अल्लाह का शुक्र अदा किया गया और मेडिकल कालेज की स्थापना को भी दुआ की। फिलिस्तीन के मुसलमानों पर जुल्म कर रहे इजराइल की तबाही के लिए दुआ की।