रामनाथ कालोनी में बंद मकान से डेढ़ लाख की चोरी
रामपुर । सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान के ताले तोड़कर नकदी, जेवर समेत डेढ़ लाख का माल चोरी कर लिया। पुलिस को तहरीर दे दी है।
राधा सिनेमा हाल के पीछे रामनाथ कालोनी में सरोज गुप्ता पत्नी दिनेश गुप्ता का मकान है। सरोज गुप्ता के पति का निधन हो चुका है। वह घर में अकेली रहती हैं। आठ दिन पहले वह जयपुर में बेटे विभोर गुप्ता आशू के पास गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था। बुधवार रात बंद मकान में चोरों की नजर पड़ गई। चोरों ने मकान की खिड़की काट ली और अंदर घुस गए। नकदी, जेवर आदि सामान समेट लिया। गुरुवार सुबह आसपास के लोगों ने खिड़की टूटी देखी तो घटना की जानकारी हुई। पड़ोसियों ने आवास विकास कालोनी में रहने वाले सरोज गुप्ता के भाई शरद गुप्ता को फोन से सूचना दी। शरद गुप्ता वहां पहुंचे। सिविल लाइंस पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। पुलिस ने मौका मुआयना किया। श्री गुप्ता ने बताया कि चोर घर में रखे 15 हजार रुपये, सोने की चेन, अंगूठी, नया एलसीडी टीवी आदि करीब डेढ़ लाख का माल ले गए हैं। चोरों ने खाली घर होने पर आराम से तलाशी ली। चावल और आटा रखने के बर्तनों को भी खाली कर दिया।