आरओ काम कर रहा न हैंडपंप, कैसे बुझायें प्यास
-शहर के हाथी पार्क इलाके में पेयजल का संकट, व्यापारी और जनता सब परेशान -अफसरों व जनप्रतिनिधियों से
-शहर के हाथी पार्क इलाके में पेयजल का संकट, व्यापारी और जनता सब परेशान
-अफसरों व जनप्रतिनिधियों से लगाई गुहार, मिला सिर्फ आश्वासन
फोटो संख्या 1 से लेकर 8 तक
जागरण संवाददाता, रायबरेली : गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू किए तो पेयजल समस्या भी सिर उठाने लगी है। शहर में कई स्थानों पर लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। हाथी पार्क के आसपास का इलाका भी इन्हीं में से एक है। हाल यह है कि यहां एक-एक बूंद पानी के लिए लोगों को तरसना पड़ रहा है। लंबी भागदौड़ के बाद कहीं प्यास बुझ पाती है। व्यापारी हो या कोई आम नागरिक, सभी की इस समस्या से परेशान हैं, लेकिन न तो नगर पालिका ध्यान दे रही है और न ही प्रशासन। प्यास से बेहाल लोगों ने जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई, पर सिर्फ आश्वासन ही मिला, समस्या का समाधान नहीं हो सका।
हाथी पार्क के पास नगर पालिका की करीब 100 से अधिक दुकानें है। इसके अलावा भी करीब आधा सैकड़ा अन्य व्यापारी दुकान करते हैं। यहां के व्यापारियों व अन्य लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ही लाखों रुपये की लागत से आरओ प्लांट लगवाया गया था। हाल यह है कि इस आरओ प्लांट की कई टोटियां लोग खोल ले गये। एक या दो टोटी ही इसमें शेष बची थी, जिनसे लोग अपनी प्यास बुझाते थे। आसपास पास लगे इंडिया मार्का हैंडपंप सालों से खराब पड़े हैं। पेयजल की उपलब्धता के लिए सिर्फ आरओ प्लांट ही एक साधन था। करीब एक महीने पहले यह आरओ प्लांट खराब भी हो गया। इससे पेयजल की समस्या खड़ी हो गई। काफी मशक्कत के बाद लोगों को पीने का पानी मिल पा रहा है। लोगों ने नगर पालिका, जलकल विभाग, जिला प्रशासन और कई जनप्रतिनिधियों से अपनी समस्या बताई। आश्वासन तो सभी ने दिया, लेकिन समस्या से निजात अब तक नहीं मिली।
करते रहे शिकायत, हर जगह मिली मायूसी
व्यापारी अशोक कुमार मिश्र का कहना है कि एक महीने से आरओ प्लांट खराब है, लेकिन कोई अफसर इसे संज्ञान लेने को तैयार नहीं है। मो. आरिफ ने कहा कि पानी पीने के लिए लंबी भागदौड़ करनी पड़ रही है। दीपक ने बताया कि आरओ प्लांट के चलने से व्यापारियों के साथ ही अस्पताल आने वाली महिलाओं को भी काफी आसानी थी। इसके खराब होने से सभी परेशान हैं। गुलाब तिवारी का कहना है कि गर्मी में पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, इसके बावजूद अफसर लापरवाही बरत रहे हैं। नीलेश कुमार ने पालिका की उदासीनता पर नाराजगी जताई। तो धर्मेश शुक्ल ने कहा कि अफसर ही नहीं कई जनप्रतिनिधियों को भी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
बोले नपा अध्यक्ष
हाथी पार्क में लगे आरओ प्लांट के खराब होने की जानकारी मिली है। प्लांट को जिला पंचायत ने लगवाया था। छोटी मोटी कमियों को तो पालिका खुद ठीक करा देती है, लेकिन बड़ी फॉल्ट आने पर जिला पंचायत की ओर से कराया जाता है। आरओ प्लांट ठीक कराने के लिए जिला पंचायत को पत्र लिखा जायेगा।
मो. इलियास
चेयरमैन, नगर पालिका परिषद