टूटे तार की चपेट से किशोरी की मौत, हंगामा
अमावां, संवाद सूत्र : मंगलवार की सुबह दस बजे मिल एरिया थाना क्षेत्र के संदी नागिन गांव में खेतों पर बकरी चराने गई एक किशोरी टूटे विद्युत तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगा शव रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर रख कर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा कर जाम खुलवाया।
बताया गया कि महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के परमजीत का पुरवा मजरे पहरेमऊ गांव निवासी राम मिलन की पुत्री सुमन (12) तीन माह से अपने नाना मिल एरिया थाना क्षेत्र के संदी नागिन गांव निवासी राम औतार के घर पर रह रही थी। मंगलवार सुबह वह आरती पुत्री सोहन व संगीता पुत्री राम किशुन के साथ खेतों पर बकरी चराने गई थी। यहां गंगा राम के खेत पर टूटे पड़े विद्युत तार की चपेट में वह आ गई। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। यह देख साथ बकरी चरा रही दोनों किशोरियां भाग कर गांव पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी पर पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने विद्युत विभाग कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा करते हुए रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर शव रख कर जाम लगा दिया। घटना व जाम लगने की जानकारी पर पहुंची मिल एरिया ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया किंतु ग्रामीणों ने शव देने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि तार टूटा होने की जानकारी देने के बाद भी विद्युतकर्मियों ने लापरवाही की। इसका परिणाम किशोरी को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। इधर मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर आरआर प्रजापति, सीओ सिटी सत्यपाल सिंह और एसडीओ बिजली एसएन सिंह ने किशोरी के परिजनों से बात कर किसी तरह राजमार्ग का जाम खुलवाया। एसडीओ ने मृतका किशोरी के परिजनों को बीस हजार रुपए की नगद सहायता राशि दी। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम को भेजा।