सेंध लगाकर तीन घरों में चोरी
रायबरेली, जागरण संवाददाता : मंगलवार रात शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अछई गांव में मंगलवार रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों में पीछे से सेंध लगाकर लाखों का माल पार कर दिया। सुबह घरवालों के सोकर उठने पर मामले की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू की है। इधर लगातार क्षेत्र में हो रही चोरियों से लोगों में आक्रोश है। वहीं बछरावां थाना क्षेत्र के चिरुआ गांव में भी चोरों ने एक घर से लाखों का माल पार दिया। यहां पुलिस ने गृहस्वामी की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
शिवगढ़, संवाद सूत्र के अनुसार बीते कुछ महीने से क्षेत्र में चोरियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। मंगलवार रात चोरों ने अछई गांव में एक साथ तीन घरों में पीछे से सेंध लगाकर लाखों का माल पार कर दिया। चोरों ने सबसे पहले जय शकर मिश्रा के घर को निशाना बनाया। चोरों ने उनके घर से 54 हजार नकद और लगभग 35 हजार के जेवरात पार कर दिए।
इसके बाद अली अकबर के घर से चोरों ने बीस हजार नकदी सहित लगभग 70 हजार के जेवर पार कर दिया। चोरों ने आखिर में पूर्व प्रधान साबित अली के यहां सेंध लगाकर घटना को अंजाम दिया। यहां से चोरों ने लगभग पांच हजार नकद औ दो लाख के जेवरात पार कर दिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। महाराजगंज, संवाद सहयोगी के अनुसार बछरावां थाना क्षेत्र के चुरुआ निवासी आनंद सिंह पुत्र राम सिंह निवासी ने बताया कि मंगलवार रात गांव के नेपाल व मोनू सिंह ने घर से दो लाख 50 हजार रुपए कीमत का जेवरात चोरी कर लिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।