किशोरी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म, मुकदमा
सरेनी, संवाद सूत्र : थाना क्षेत्र के मल्के गांव में मंगलवार की रात घर के बाहर सो रही किशोरी का बाइक सवार युवकों ने अपहरण कर लिया। अपहरण करने के बाद किशोरी को जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद किशोरी को गांव के बाहर छोड़ दिया। घर पहुंच किशोरी ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। बुधवार को पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बताया गया कि मल्के गांव निवासी एक सत्रह वर्षीय किशोरी घर के बाहर अपनी चौदह वर्षीय छोटी बहन के साथ तखत पर सो रही थी। मंगलवार की रात करीब ग्यारह बजे बाइक सवार कुछ लोग आए और किशोरी पर नशीला पाउडर छिड़क कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे उठा कर ले गए। इस बीच गाड़ियों की आवाज सुनकर बाहर निकली मां ने लोगों को पुत्री को उठा कर ले जाते देख शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए लेकिन बाइक सवार किशोरी को लेकर जंगल की ओर चले गए। देर रात डेढ़ बजे किशोरी वापस गांव पहुंची। उसका मुंह कपड़े से बंधा हुआ था। मुंह खोले जाने पर किशोरी ने घटना के बारे में परिजनों को जानकारी दी।
मामले में बुधवार को किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव निवासी रोशन की पुत्री रोली उनकी बेटी से छह माह पहले उसकी हाई स्कूल की मार्कशीट मांग कर ले गई थी। उसे वापस मांगने पर उक्त लोगों ने बेटी को उठवा लेने की धमकी दी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी की मां की तहरीर पर पंडितपुरवा मल्के गांव निवासी रोशन पुत्र बिदऊ को नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।