संयुक्त सचिव गृह के बेटे को बंधक बना कर पीटा
रायबरेली, जागरण संवाददाता : सदर कोतवाली क्षेत्र के निराला नगर में आधा दर्जनों युवकों ने संयुक्त सचिव (गृह) के बेटे को कमरे में बंद कर के जम कर पीटा। इससे वह अधमरा हो गया। क्षेत्र में चीखने-चिल्लाने की आवाज सुन कर स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी शहर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच संयुक्त सचिव के बेटे को छुड़ाया और चार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कार्रवाई कर जेल भेज दिया।
बुधवार को संयुक्त सचिव गृह हरि प्रसाद का बेटा अनिल सिंह (25) निराला नगर निवासी अपने ताऊ स्वामी शरण सिंह के पास आया था। बातचीत के दौरान ताऊ ने अनिल सिंह से कहा कि शहर में रहने वाले राकेश त्रिपाठी को एक मकान देख-रेख के लिए दिया है, लेकिन उस मकान में आए दिन अराजक तत्वों की भीड़ लगी रहती है। बुधवार देर रात अनिल सिंह निराला नगर में बने ताऊ के घर पहुंचा तो वहां देखा कि कमरे में अराजक तत्व मस्ती करते मिले। इस पर अनिल सिंह ने राकेश त्रिपाठी से कहा कि घर में भीड़ लगाना बंद कर दो, नहीं तो मकान खाली कर दो। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। कमरे में मौजूद राकेश त्रिपाठी, कामेश त्रिपाठी पुत्र स्व: राम सागर त्रिपाठी, शिशिर त्रिपाठी, मनीष त्रिपाठी पुत्र राकेश त्रिपाठी, मंगल मिश्रा और शिव नारायण ने अनिल सिंह को दबोच लिया और उसे लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं इन लोगों ने अनिल सिंह को कमरे में बंधक बना कर एक घंटे तक पिटाई करते रहे। अनिल की चीख-पुकार सुन कर स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी एसपी राजेश पांडेय और शहर पुलिस को दी। कोतवाल संजय नाथ तिवारी और एसएसआई सुरखाब खान दलबल के साथ मौके पर पहुंच कर अनिल सिंह को इन लोगों के चुंगल से मुक्त कराया। गनीमत रही कि पुलिस मौके पर पहुंच गई वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं अनिल सिंह की ओर से कोतवाली में दी गई तहरीर में लिखा है कि सभी लोगों ने मिल कर करीब एक घंटे तक उसकी पिटाई की। इतना ही नहीं कमरे में मौजूद आधा दर्जन लोगों ने उसे जान से मारने का प्रयास भी किया।
शहर कोतवाली संजय नाथ तिवारी ने बताया कि संयुक्त सचिव गृह के बेटे की तहरीर पर राकेश त्रिपाठी, कामेश त्रिपाठी, शिशिर त्रिपाठी और मनीष त्रिपाठी पर 307 (हत्या का प्रयास) का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं दो आरोपी मंगल मिश्रा और शिव नारायण की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही दोनों आरोपियों को पकड़ जेल भेजा जाएगा।