किशोर ने लगाई फांसी
नसीराबाद, संवाद सूत्र : थाना क्षेत्र के खेरवा मजरे लखापुर में किशोर ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर नीम के पेड़ से फांसी लगा ली। सोमवार की सुबह जब घटना की जानकारी क्षेत्र वासियों को हुई तो सनसनी फैल गई। परिवारीजनों ने पुलिस को बिना जानकारी दिए बेटे का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक श्यामू (15) पुत्र सुरेश कुमार निवासी खेरवा मजरे लखापुर की रविवार की रात पिता से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। सभी लोग रविवार की रात खाना खा कर कमरे में जाकर सो गए। सुबह जब परिवारीजन सो कर उठे तो उन्होंने देखा कि श्यामू अपने बिस्तर में नहीं है। श्यामू की तलाश को लेकर परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह करीब सात बजे गांव के लोग नित्य क्रिया के लिए खेत में जाने लगे तो उन्होंने देखा कि नीम के पेड़ पर शर्ट के फंदे से किसी किशोर का शव लटक रहा है। पास जाकर देखा तो ग्रामीणों के होश उड़े गए, क्योंकि वह शव श्यामू का था। पेड़ से शव लटका मिलने की जानकारी पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्यामू दो माह पहले भी खुदकुशी करने का प्रयास कर चुका है, लेकिन उसे ग्रामीणों ने बचा लिया था। बेटे का शव पेड़ से लटका मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिवारीजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए बेटे का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष बकरीदन अली का कहना है कि ऐसा कोई मामला उनकी जानकारी में नहीं है अगर ऐसा है तो उसकी जांच कराई जाएगी।