बेतरतीब पार्किंग पर वाहन पर चस्पा होगी चालान की पर्ची
रायबरेली, संवाददाता : शहर के भीतर वाहनों की रफ पार्किंग करने वाले सचेत हो जाएं। पुलिस महकमा एक जुलाई से विशेष अभियान चलाने जा रहा है। पुलिस के निशाने पर मुख्य रूप से दो पहिया और चार पहिया वाहन होंगे। सड़क की पटरी पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर चालान की पर्ची चस्पा की जाएगी। क्षेत्राधिकारी सदर के कार्यालय में समन शुल्क जमा करने के बाद ही वाहन मालिक कार्रवाई से बच पाएंगे।
पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने कार्यभार संभालते ही शहर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कई प्रयास किए। इसी क्रम में एक जुलाई से विशेष अभियान चलाया जाएगा। शहर की मुख्य बाजारों और सड़क की पटरियों पर गलत तरीके से पार्क किए गए वाहन इस बार निशाने में होंगे। चालान का तरीका भी बिलकुल नया होगा। सिविल और ट्रैफिक पुलिस के सिपाही ऐसे वाहनों पर चालान की पर्ची चस्पा कर देंगे। वाहन का नंबर दूसरी पर्ची पर नोट कर लिया जाएगा। समय पर सीओ कार्यालय आकर समन शुल्क न जमा करने वाले वाहन स्वामियों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पर्ची पर लिखे गए वाहन के नंबरों की जानकारी उप संभागीय परिवहन कार्यालय से ली जाएगी।
शहर में पार्किंग स्थल न होने की दशा में लोग सड़क किनारे ही वाहनों को खड़ा कर देते हैं। होटल, शापिंग कांप्लेक्स और चौराहों के आसपास दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। वाहन की पार्किंग सही ढंग से न होने के चलते यातायात व्यवस्था दिन ब दिन बदहाल होती जा रही है। गंभीर समस्या के निराकरण के लिए पुलिस महकमे की कवायद कितनी सफल होती है, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। फिलहाल चालान पर्ची के बेहतर परिणाम आने की संभावना है।
'जागरूकता का अभाव यातायात व्यवस्था पर भारी पड़ रहा है। लोग गलत पार्किंग कर अपने निजी काम में लग जाते हैं। उनकी एक गलती से सैकड़ों की संख्या में लोग जाम में फंस जाते हैं। ऐसे वाहनों का चालान किया जाएगा, जिनकी गलत तरीके से पार्किंग मिलेगी।'
राजेश पांडेय, पुलिस अधीक्षक
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर