Murder: प्रतापगढ़ में शादी के पांचवे दिन दुल्हन की हत्या
प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र के ढिकुही गांव में अवैध संबंधों का शक जता शादी के पांच दिन ही दुल्हन का कत्ल कर दिया गया।
By Nawal MishraEdited By: Published: Tue, 28 Feb 2017 08:53 PM (IST)Updated: Tue, 28 Feb 2017 09:30 PM (IST)
प्रतापगढ़ (जेएनएन)। अभी शादी के पांच दिन ही बीते दुल्हन का कत्ल कर दिया गया। प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र के ढिकुही गांव में अवैध संबंधों का शक जता घटना को अंजाम दिया गया। आज नहर से विवाहिता की लाश बरामद की गई। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कुंडा क्षेत्र के ताजपुर ढि़कुही निवासी रामभरोस के बेटे धीरेन्द्र कुमार उर्फ लवकुश की शादी इलाहाबाद में होलागढ़ ब्लाक के बनवारी का पुरवा गांव निवासी राम दुलारे की बड़ी बेटी सुषमा के साथ 21 फरवरी को हुई थी। 22 फरवरी को वह विदा होकर ससुराल ढि़कुही आई। इसके बाद लवकुश को शंका हुई कि उसकी पत्नी का किसी और से चक्कर था और वह गर्भवती है। रविवार देर रात वह घर से सुषमा को लेकर निकल गया। जानकारी होने पर परिवारीजन ने उसकी खोजबीन शुरू की पर कहीं पता नही चला। मायके वालों को भी सूचना मिली कि लवकुश व सुषमा गायब हैं, तो वह सुषमा के घर पहुंचे।
राम दुलारे ने सोमवार को इस बात की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने लवकुश को हिरासत में ले लिया। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, बताया कि सुषमा को उसके मां बाप के हवाले कर दिया गया है लेकिन जब देर रात पुलिस ने सख्ती की तो उसने सच उगल दिया। जानकारी दी कि रविवार की रात उसने सुषमा को घर से थोड़ी दूर स्थित गेहूं के खेत में मौत के घाट उतारने के बाद शव शारदा सहायक बड़ी नहर के पानी में फेंक दिया। इसके बाद देर रात तक खोजबीन हुई लेकिन शव नहीं मिला। मंगलवार सुबह मायके पक्ष ने ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की तो बडूपुर गांव के पास सुषमा का शव उतराया मिला।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें