दूध व्यवसायी की चाकुओं से गोदकर हत्या
प्रतापगढ़/लालगंज : नया का पुरवा गांव के पास शनिवार को देर रात दूध व्यवसायी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। उसे लहूलुहान हालात में जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर पड़ताल में जुटी है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के गोखाड़ी गांव निवासी अजय सिंह उर्फ गुड्डन (32) दूध का व्यवसाय करता था। उसकी पत्नी शोभा देवी गांव में ही शिक्षामित्र हैं। अजय शनिवार को शाम लगभग साढ़े सात बजे दूध देने नया का पुरवा गया था। वहां भगवती जागरण का कार्यक्रम चल रहा था। अजय वहीं रुक गया। तीन घंटे बाद रात साढ़े दस बजे अजय बाइक से घर के लिए निकला था। थोड़ी देर बाद नया का पुरवा गांव से लगभग 200 मीटर दूर अजय खून से लथपथ पड़ा मिला। उधर से गुजर रहे अजय के चालक मोतीलाल ने उसे देखा तो घरवालों को सूचना दी। अजय के पेट, सीने, चेहरे को चाकुओं को गोदा से गया था। अजय को सीएचसी ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में अजय ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने किसी से दुश्मनी होने से इंकार किया है।
वर्जन
शनिवार को देर रात की घटना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। इसी के बाद घटना के बारे में कुछ कहा जा सकता है-
तारिक मोहम्मद, एएसपी पश्चिमी, प्रतापगढ़
घर का कमाऊ सदस्य था अजय
लालगंज, प्रतापगढ़ : अजय सुरेंद्र प्रताप सिंह की चार बेटों में सबसे बड़ा था। अजय दूध का कारोबार करके पूरे परिवार का पालन पोषण करता था। घर में मां व पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं।
इनसेट--
अब कौन कराएगा बाबा का इलाज
लालगंज, प्रतापगढ़ : बिस्तर पर पड़े बाबा राम किशोर सिंह (70) का सहारा अजय ही था। बीमार राम किशोर को पेशाब की नली लगी है। अजय ही बाबा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाता था। अजय की हत्या से राम किशोर के आंसू थम नहीं रहे थे।
मौके पर नहीं मिला चालक
लालगंज, प्रतापगढ़ : खून से लथपथ अजय के सड़क किनारे पड़े होने की सूचना उसके चालक ने ही परिजनों, पुलिस को दी थी। लेकिन जब परिजन, पुलिस मौके पर पहुंचे तो उस समय वह घटनास्थल पर नहीं मिला।
शिक्षामित्रों ने दी आंदोलन की चेतावनी
प्रतापगढ़ : बीआरसी केंद्र सड़वा चंद्रिका पर आयोजित आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में शिक्षा मित्र शोभा सिंह के पति अजय की जघन्य हत्या की निंदा की गई। प्रांतीय सचिव रीना सिंह ने 24 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तार न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। बैठक में राजकुमार सिंह, अनिल, मुन्नालाल, अनीता देवी, रेखा त्रिपाठी, मीना देवी आदि शिक्षा मित्र मौजूद रहे।