मां को बंधक बना युवती से दुष्कर्म
जागरण संवाददाता,प्रतापगढ़ : मंगलवार की रात दीवार फांद कर घर में घुसे युवकों ने मां को बंधक बनाने के बाद बेटी को तमंचे की नोक पर घसीट ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे हुड़हा गांव की रहने वाली युवती की शादी इसी साल 12 जून को रानीगंज तहसील क्षेत्र के भैसौना गांव में हुई थी। मंगलवार की रात वह अपनी मां के साथ घर के आंगन में सो रही थी। आरोप है कि रात 11 बजे संग्रामपुर गांव के दो युवक दीवार फांद कर अंदर घुस गए। एक युवक ने उसे तमंचा सटा दिया। मां ने शोर मचाने का प्रयास किया तो दीवार फांद कर गांव के ही उसके दो साथी घर में आ गए और उसकी मां को दबोच लिया। इसके बाद इकबाल और उसके साथी उसे घसीट कर बाहर अमरूद के पेड़ के पास ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी सुबह कोतवाली पुलिस को दी गई। चौकी प्रभारी, कोतवाल मौके पर पहुंचे और पीड़िता, उसकी मां व आस-पास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेज दिया। इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।