पालिका कांप्लेक्स की आठ दुकानें सील
प्रतापगढ़ : नगर पालिका प्रशासन ने गुरुवार को दीन दयाल कांप्लेक्स से दो अवैध कब्जेदारों को बाहर करते हुए आठ दुकानें सील की। इस कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मचा रहा।
बताते चलें कि शहर के बाबागंज स्थित दीन दयाल काप्लेक्स में बनाई गई नगर पालिका की दुकानों पर अवैध लोगों ने कब्जा जमा रखा था। इसकी जानकारी होने पर अधिशासी अधिकारी व नगर पालिका अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह ने पालिका कर्मी को भेज कर दुकानों का सत्यापन कराया। जांच पड़ताल के दौरान पाया गया कि दो दुकानों पर एक किराना व्यवसायी व एक ट्रांसपोर्ट वाले ने अवैध कब्जा किया है। दोनों का सामान बाहर कर दुकानें सील कर दी गई। इसी तरह छह अन्य दुकानों में भी लोगों ने सामान रख कर कब्जा किया था। इन दुकानों को भी सील कर दिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि कई लोगों ने अभी तक पैसा जमा नहीं किया और आवंटन नहीं कराया है। इसी तरह गल्ला मंडी में भी कुछ लोगों ने पालिका की दुकानों पर कब्जा जमा रखा है। उसकी भी जांच जल्द कराई जाएगी।