मारपीट, फायरिंग में तीन लोग घायल, तनाव
जेठवारा, प्रतापगढ़ : रंजिश के चलते दो संप्रदाय के लोग आमने सामने आ गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। यही नहीं काफी देर तक गोलियां भी तड़तड़ाती रहीं। घटना में तीन लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया। अन्यथा बड़ी घटना भी घट सकती थी। जेठवारा कोतवाली क्षेत्र के डोमीपुर भंडरा निवासी प्रदीप उर्फ दीपू सिंह सिंह धान लगवाने को घर से मजदूर गिनने के लिए निकले हुए थे। कुछ दूर जाने के बाद गांव में ही एक दुकान पर वह गुटखा खरीदने लगे। इसी बीच दुकान पर बैठे कांछा भंडरा निवासी दूसरे संप्रदाय के कुछ लोगों से दीपू का बात विवाद होने लगा और मारपीट शुरू हो गई। इसके चलते दोनों संप्रदायों के तमाम लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। यही नहीं मारपीट के साथ साथ गोलियां भी चलने लगीं, जिससे दीपू सिंह समेत उनके साथी शानू सिंह 30 एवं बब्बू सिंह 28 को गोली लग गई। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर लोग भागने लगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए सर्किल की भी थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी राजवीर सिंह ने भी पहुंचकर मौके की जांच की। किसी भी पक्ष से समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।