मांधाता में युवक, अंतू में अधेड़ को मारी गोली
प्रतापगढ़ : सोमवार को सुबह मांधाता थाना क्षेत्र के मदईपुर गांव में जहां युवक को गोली मार दी गई, वहीं दोपहर के वक्त अंतू इलाके के नरिया मोड़ के पास अधेड़ को गोली मार दी गई। मदईपुर में गोली मारने के बाद दर्जनों राउंड हवाई फायरिंग की गई, जिससे दहशत के कारण घटनास्थल पर कोई ग्रामीण नहीं गया। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां हालत नाजुक युवक को इलाहाबाद रेफर कर दिया गया।
मदईपुर गांव निवासी रिजवान (30) पुत्र असगर अली के चाचा मंसूर का विवाद पंट्टीदार वसीम के चचेरे भाई निसार से चल रहा है। रिजवान अपने चाचा का साथ देता है। इसे लेकर दोनों पक्षों में आए दिन मारपीट, फायरिंग होती रहती है। सोमवार को सुबह रिजवान, उसके पिता असगर, भाई सुफियान खेत में धान की बेरन की रोपाई कर रहे थे।
उसी समय वसीम, हलीम समेत लगभग नौ लोग बंदूक, तमंचे से लैस होकर पहुंचे और फायर करते हुए रिजवान को दौड़ा लिया। गोली पेट में लगते ही रिजवान गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर दर्जनों राउंड फायर करते हुए भाग निकले। दहशत के कारण ग्रामीण घटनास्थल पर नहीं गए।
सूचना मिलने पर एसओ निशीकांत राय घटनास्थल पर पहुंचे और घायल रिजवान को अपनी जीप से लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
विश्वनाथगंज प्रतिनिधि के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही सीओ रानीगंज एमपी सलोनिया फतनपुर एसओ अरविंद तिवारी, जेठवारा एसओ पीपी सिंह को लेकर मौके पर पहुंचे और आरोपियों के घर दबिश दी। लेकिन हमलावर घर से फरार थे । घर पर सिर्फ महिलाएं ही मिली। देर शाम तक फोर्स मौके पर डटी रही। बताते हैं कि रिजवान ट्रक चालक है। ईद पर दो दिन पहले घर आया है।
उधर, अंतू क्षेत्र के ईशीपुर निवासी अनिल कुमार सिंह (45) पुत्र राममूर्ति सिंह सोमवार को दोपहर के वक्त बाइक से घर से शहर आ रहे थे। रास्ते में नरिया मोड़ के पास दो बाइक से सवार चार लोगों ने पीछा कर लिया और अनिल को गोली मार दी। गोली उसके हाथ में लगी। इसके बाद हमलावर भाग निकले। घायल अनिल को फौरन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गड़वारा प्रतिनिधि के अनुसार अनिल का ननिहाल सुल्तानपुर जिले के खिलखिरी गांव (लंभुआ) में है। अनिल के मामा दो भाई है, उसमें एक मंदबुद्धि के है। दोनों मामा में जमीन की रंजिश चल रही है। अनिल मंदबुद्धि वाले मामा की मदद करते थे। इसी रंजिश को लेकर गोली मारी गई है।