वैज्ञानिक तकनीक से किसान करें खेती
पीलीभीत : बीसलपुर के समग्र ग्राम गोवल में कृषि विभाग की ओर से आयोजित कृषक गोष्ठी में किसानों को वैज्ञानिक तकनीक से कृषि करने के लिए विभिन्न जानकारियां दी गईं।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी रामवीर सिंह कहा कि आज का युग वैज्ञानिक है, इसलिए किसानों को खेती करने के लिए पुराने तौर-तरीके बदलने होंगे। आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकियों को अपनाकर कृषि करनी होगी, तभी उनके खेतों में पहले की अपेक्षा कई गुना अधिक फसलों की पैदावार होगी। उन्होंने जैविक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस विधि को अपनाने से खेतों में फसलों की उपज बढ़ जाती है। उन्होंने जैविक विधि से बीज शोधन करने के बारे में जानकारी दी। एडीओ कृषि आरपी शर्मा ने धान की फसलों में लगने वाले रोगों व उनसे बचाव के तरीके बताए। ब्लाक टैक्नीकल मैनेजर अनिल वर्मा ने जैविक खाद के उपयोग के बारे में जानकारी दी। साथ ही धान की फसल को सुरक्षित रखने के तरीके बताए।