नाली विवाद में किशोरी से छेड़छाड़, दो लोगों पर पॉक्सों में केस दर्ज
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : नाली विवाद में पुलिस से शिकायत करने पर बौखलाए दूसरे पक्ष के लड़कों ने पीड़ित की पुत्री के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करते हुए खींचकर ले जाने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस जांच में मामला सही पाए जाने पर दो के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला छोटा खुदागंज निवासी अहमद हसन खां के मुताबिक उनका पड़ोस के ही उस्मान खां से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। उक्त विवाद के बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। जिस पर खकरा चौकी पर तैनात दो सिपाही मौके पर गए और दोनों पक्षों को डांट फटकार कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद बीती रात उनकी 15 वर्षीय पुत्री दुकान पर जा रही थी। तभी उस्मान खां के दोनों पुत्र अम्बर और इमरान ने उसके ऊपर थूक दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए उसको खींचकर ले जाने लगे। लड़की के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित कोतवाली पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने जब मुहल्ले में जाकर जांच की तो घटना सही पाई गई। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल वीर सिंह के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है।