पति के साथ गई थी, एफएनजी किनारे मिला शव
जागरण संवाददाता, नोएडा : गढ़ी चौखंडी गांव में महिला की हत्या कर दी गई। एफएनजी के किनारे खाली पड़े
जागरण संवाददाता, नोएडा :
गढ़ी चौखंडी गांव में महिला की हत्या कर दी गई। एफएनजी के किनारे खाली पड़े प्लॉट में शुक्रवार सुबह शव बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला बीते कुछ समय से पति से अलग रह रही थी। पड़ोसियों के मुताबिक बृहस्पतिवार को महिला का पति आया था। विवाद के बाद वह उसे साथ लेकर गया था। पड़ोसी की शिकायत पर कोतवाली फेज तीन पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है और मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से बिहार में मुजफ्फरपुर की रहने वाली मुस्कान (25) दो वर्ष के बच्चे के साथ पति से अलग रहती थी। जबकि पति खोड़ा में रह रहा था। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार पति उसके कमरे पर आया था। फिर दोनों में किसी बात पर विवाद हुआ और जमकर मारपीट भी हुई। कुछ देर बाद पति-पत्नी में सुलह भी हो गई, जिसके बाद दोनों बच्चे को साथ लेकर कमरा छोड़ कर चले गए। शुक्रवार सुबह महिला का शव एफएनजी के किनारे खाली पड़े प्लॉट में मिला। पड़ोसी युवक की शिकायत पर पुलिस हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
-------------------
पति की तलाश में जुटी पुलिस :
पुलिस के अनुसार महिला और बच्चे को लेकर पति कमरे से निकला था। प्लॉट से महिला का शव बरामद हुआ है। जबकि पति और बच्चा लापता है। आशंका है कि पति ने ही महिला की हत्या की है और बच्चा उसके पास है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
---------------------
अवैध संबंध के विरोध में हत्या का शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला का पति से बच्चे को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों में इस पर कई बाद झगड़ा भी हुआ था। बच्चे को दोनों अपने पास ही रखना चाहते थे। उधर, महिला के अवैध संबंध और लिव इन में रहने को लेकर भी विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि स्थानीय पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। एसपी सिटी दिनेश यादव ने बताया कि पति के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। बच्चे का विवाद या अवैध संबंध भी हत्या की वजह हो सकती है। पुलिस हर बिंदुओं पर जांच कर रही है। पति के पकड़े जाने के बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हो सकेगा।