प्रसव के बाद महिला की मौत, हंगामा
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : इकोटेक तीन थाना क्षेत्र के हल्दौनी मोड़ के समीप स्थित एक निजी अस्पताल
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : इकोटेक तीन थाना क्षेत्र के हल्दौनी मोड़ के समीप स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला की प्रसव के बाद मौत हो गई। महिला ने दो बच्चियों को मंगलवार दोपहर अस्पताल में जन्म दिया था। अस्पताल के डाक्टर ने आपरेशन कर बच्चे को बाहर निकाला था। देर रात महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि तबीयत बिगड़ने की सूचना डाक्टर को नर्स ने दी थी। डाक्टर ने मोबाइल फोन पर ही नर्स को दवाई देने की नसीहत देकर अस्पताल आने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि अस्पताल में मरीज को बेहतर उपचार न मिलने के कारण उसकी मौत हुई है। अस्पताल प्रशासन ने महिला की मौत के तथ्य को छिपा कर बुधवार सुबह उसे नॉलेज पार्क स्थित एक अस्पताल में रेफर कर दिया। यहां डाक्टर ने जांच के उपरांत महिला को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही परिजन एकत्रित होकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला मूल रूप से मुरादनगर के खुर्मपुर की रहने वाली थी। उसके पति महेंद्र ने बताया कि वह शहर के एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। गर्भ पीड़ा के बाद पत्नी सत्यवती को पास हल्दौनी मोड़ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया था। वह रात भर दर्द से तड़पती रही, लेकिन डाक्टर ने उसका उपचार नहीं किया। इससे तड़प-तड़प कर उसने दम तोड़ दिया। महेंद्र ने अस्पताल व डाक्टर के खिलाफ इकोटेक तीन थाना में शिकायत दी है।