सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने खुद को घर में किया कैद
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : शहर के एक सेक्टर में रहने वाली सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने खुद को घर
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : शहर के एक सेक्टर में रहने वाली सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता ने खुद को घर में कैद कर लिया है। पीड़िता के परिवार ने घर में अंदर से ताला लगा लिया है और किसी को अंदर नहीं आने दिया जा रहा है। पीड़िता किसी से कुछ बात भी नहीं कर रही है। इस बात का पता तब चला जब महिला समिति के पांच सदस्य शुक्रवार को पीड़िता से मिलने पहुंचे, लेकिन पीड़िता ने खुद को घर में कैद कर लिया और मिलने से इन्कार कर दिया। किसी तरह महिला समिति के सदस्य पीड़िता के दादा और बहन से मिले। महिला समिति के सदस्यों ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग पीड़िता के परिवार को लगातार धमकी देकर बयान नहीं देने का दबाव बना रहे है। शनिवार को सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के बयान जिला न्यायालय में दर्ज होने है। पुलिस के मुताबिक आज कड़ी सुरक्षा के बीच पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे। पीड़िता की सुरक्षा के लिहाज से उसको कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट से वापस भी लाया जाएगा। पीड़ित परिवार से मिलने वालों में महिला समिति की किरण शर्मा, रूपा गुप्ता, गुड्डी वर्मा, सीमा शर्मा सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।
---
मदद का दिया आश्वासन
शुक्रवार को सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता से मिलने पहुंची महिला समिति की सदस्यों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी पीड़िता नहीं मिली। समिति से मिले पीड़िता के दादा व बहन ने बताया कि उनको लगातार धमकी मिल रही है। आरोपी पक्ष के लोग चाहते है कि पीड़िता कोर्ट में अपने बयान नहीं दर्ज कराएं। जिससे कि केस कमजोर हो जाए और आरोपियों की बेल हो जाए। उन पर लगातार मामले में समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।
---
क्या था मामला
शहर के एक सेक्टर में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी के साथ गामा दो सेक्टर में स्थित नॉलेज म्यूजिक एकेडमी में 12 जून की रात आठ बजे सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। आरोप उसके संगीत शिक्षक, पुरूष मित्र सहित कुल पांच लोग पर लगे थे। पुलिस ने मामले में संगीत शिक्षक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यदि पीड़िता के परिवार को धमकी मिल रही है तो इसकी शिकायत उनको पुलिस से करनी चाहिए। पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज कराएगी।
-अभिषेक यादव, एसपी देहात