सूरज को लगी बादलों की 'नजर'
जागरण संवाददाता, नोएडा : सुबह से ही शहर का मौसम जुदा दिखा। कोहरे की चादरों को काटने में सूर्य की
जागरण संवाददाता, नोएडा :
सुबह से ही शहर का मौसम जुदा दिखा। कोहरे की चादरों को काटने में सूर्य की किरणें ज्यादा कामयाब नहीं हो सकी, लिहाजा मैदानी इलाकों में दिन में भी कोहरे का असर देखा गया। सूरज भी बादलों के साथ आंख मिचौली का खेल करता रहा। एक-दो बार सूरज जरूर चमका, लेकिन बाद में बादलों ने उसे नजरबंद कर दिया। इसके साथ ही दिन भर सर्द हवाएं भी चलती रहीं। धूप न निकलने और सर्द हवाएं चलने से तापमान लुढ़कता नजर आया।
मौसम विभाग ने तीन दिन पहले ही संकेत दिया था कि पश्चिमी विक्षोभ पंजाब व जम्मू-कश्मीर के बॉर्डर से हरियाणा होते हुए जल्द ही एनसीआर में दस्तक दे सकता है। इसके साथ ही सर्द हवाएं भी चलेंगी और तापमान दो तीन अंश डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक के चलते नोएडा समेत दिल्ली एनसीआर का मौसम करवट बदलता दिखा। दिन भर हवाएं चलने से मौसम में सर्दी महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार अभी पश्चिमी विक्षोभ का असर और बढ़ेगा, जिसके चलते तापमान में गिरावट होने से सर्दी बढ़ेगी।