गंगा दशहरा पर नहाने गए चार युवक डूबे, तीन की मौत
संवाद सहयोगी, दनकौर (ग्रेनो): कस्बे के तीन घरों पर बृहस्पतिवार को कहर टूटा पड़ा। गंगा दशहरा पर नहा
संवाद सहयोगी, दनकौर (ग्रेनो):
कस्बे के तीन घरों पर बृहस्पतिवार को कहर टूटा पड़ा। गंगा दशहरा पर नहाने गए तीन परिवार के चार युवक गंगा की गोद में समा गए। इनमें तीन युवकों के शव निकाल लिए गए। डूबने वालों में दो सगे भाई थे। इसमें एक युवक का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है। युवकों के घरों में चीख पुकार मची रही। परिजन को ढांढस देने के लिए आसपास के लोगों का तांता लगा रहा।
प्रेमपुरी मोहल्ले के रहने वाले सगे भाई सुंदर व सुखपाल पड़ोस में रहने वाले सचिन व चंचल के साथ बुलंदशहर जिले के अनूपशहर के समीप अहार में गंगा दशहरा पर भंडारा करने गए थे। सचिन 11वीं व चंचल 12वीं का छात्र था। स्नान के दौरान वे गहराई की ओर चले गए। तेज बहाव से चारों गंगा में डूब गए। गोताखोरों की मदद से सुंदर, सचिन चंचल का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सुखपाल का शव नहीं मिल सका। उनके डूबने की खबर पहुंचते ही घरो का माहौल गमगीन हो गया। महिलाएं बेसुध हो गई। मोहल्ले के लोगों को जब खबर लगी तो वे उनके घर पहुंचे और परिवार वालों को ढांढस बंधाया। सुंदर व सुखपाल के मौसेरे भाई राजकुमार ने बताया कि दोनों शाम तक घर लौटकर आने की बात कहकर गए थे, लेकिन उनकी मौत की खबर आई। परिवार के अन्य सदस्य घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।