दहशत फैलाने वाले दो मनचलों को पुलिस ने पकड़ा
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: कासना कोतवाली पुलिस ने दहशत फैलाने वाले दो मनचलों को पकड़ा है। दोनों
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा:
कासना कोतवाली पुलिस ने दहशत फैलाने वाले दो मनचलों को पकड़ा है। दोनों ने बुलेट मोटर साइकिल में तकनीकि जुगाड़ लगाया हुआ था। जिससे बुलेट के साइलेंसर से गोली चलने की आवाज निकलती थी। इस आवाज से सेक्टर के लोग कई दिनों से परेशान थे।
पकड़े गए दोनों युवा एक कालेज में पढ़ाई करते थे। दोनो अक्सर दिन व रात के वक्त बुलेट से सेक्टर व बाजार में घूमा करते थे। बुलेट में लगाई गई तकनीक की खास बात थी एक्सिलेटर थोड़ा तेज कर क्लच दबाने पर साइलेंसर से गोली चलने जैसी आवाज निकलने लगती थी। छात्र लोगों के बगल से निकलते थे और गोली चलने की आवाज निकाल देते थे। इससे लोग सहम जाते थे। एक दिन पूर्व आवाज को सुनकर स्कूल से घर जा रही दो छात्राएं साइकिल से गिर पड़ी थी। किसी ने सौ नंबर पर पुलिस को फोन कर सूचना दी थी। पुलिस दोनों दहशतगर्दो की काफी समय से तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पीसीआर बीटा एक सेक्टर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उनके पास की गली से बुलेट मोटर साइकिल पर सवार दोनों दहशतगर्द निकले। दोनों ने जैसे ही पुलिस को देखा भागने लगे। पीसीआर ने उनका पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।