बदमाशों ने प्रापर्टी डीलर पर की फायरिंग
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : इकोटेक एक थाना क्षेत्र में जिला कारागार के समीप प्रापर्टी डीलर पर का
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : इकोटेक एक थाना क्षेत्र में जिला कारागार के समीप प्रापर्टी डीलर पर कार सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। हमले में प्रापर्टी डीलर मनोज घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में नाजुक हालत को देखते हुए नोएडा कैलाश अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कुलेसरा गांव निवासी मनोज पंडित प्रापर्टी डीलर का काम करते है। वह पूर्व में लोकसभा का चुनाव भी लड़ चुका है। उसका गांव के ही लोगों से जमीन को लेकर कुछ वर्षो से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच कई बार मारपीट व फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि एक मामले में मनोज पंडित भी आरोपी है। मनोज कुछ दिनों पूर्व ही जमानत पर जेल से छूटा है। मनोज व उसके भतीजे तुलसी व जीजा कृष्णा पर फायरिंग व हत्या का मामला दर्ज है। मनोज रविवार दोपहर करीब एक बजे जेल में तुलसी व कृष्णा से मिल कर लौट रहा था। तभी जेल के गेट के सामने स्विफ्ट कार सवार चार बदमाशों ने उसकी फार्च्यूनर कार पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। करीब पांच चक्र गोलियां कार पर चलाई गई। एक गोली मनोज के बाजू में लगी है। उसे नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त कार में मौजूद दो अन्य लोग बबली व नरेश ने सीट के नीचे छिप कर अपनी जान बचाई। बदमाश फायरिंग कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची थाना इकोटेक एक व कासना पुलिस हाथ मलती रह गई। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी के खिलाफ परिजन ने तहरीर नहीं दी है।
--
कुलेसरा गांव के दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद के कारण दोनों पक्षों में कई बार मारपीट व फायरिंग की गई है। इसी विवाद के कारण मनोज पंडित पर हमला किया गया है। अभी तक किसी के खिलाफ मामला दर्ज करने की तहरीर नहीं दी गई। तहरीर देने पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच करेगी।
हरेंद्र कुमार, सीओ प्रथम ग्रेटर नोएडा।