लेखपालों ने कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला इकाई ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला इकाई ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने लेखपालों को अन्य प्रदेश की तर्ज पर वेतन भत्ते व सुविधाएं देने की मांग की। प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम चार सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।
संघ के आह्वान पर जिले भर के लेखपालों ने कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। संघ के जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा ने कहा कि लेखपालों की मांगे काफी समय से लंबित हैं। इसके बावजूद उनकी अनदेखी की जा रही है। आरोप लगाया कि प्रदेश में लेखपालों को काफी कम वेतन भत्ते व सुविधाएं दी जा रही हैं। उत्तराखंड जैसे राज्य में भी लेखपालों को अपेक्षाकृत अधिक सुविधाएं व वेतन भत्ते मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि लेखपालों के लिए प्रोन्नति की संभावनाएं काफी कम हैं। लेकिन लेखपाल के पद रिक्त होने की वजह से कार्य का दबाव है।
उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें पंजाब, महाराष्ट्र, उत्तराखंड के समान प्रारंभिक वेतनमान, वाहन भत्ता, स्टेशनरी भत्ता व अन्य भत्ते देने की मांग के अलावा, राजस्व निरीक्षक के 1398 नए पद सृजित कर लेखपालों को प्रोन्नति, लेखपाल के आठ हजार रिक्त पदों की भर्ती व भर्ती के लिए शैक्षिक योग्यता इंटर मीडिएट से बढ़ाकर स्नातक करने की मांग की है। इस मौके पर जिला मंत्री अशोक भाटी, अमित कुमार, सतीश कुमार आदि भी शामिल थे।