बदमाशों से भिड़ी महिला,तमाशबीन रही पुलिस
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: कासना कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों का आतंक मंगलवार को दोबारा द
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा:
कासना कोतवाली क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों का आतंक मंगलवार को दोबारा देखने को मिला। बदमाशों ने बीच सड़क पर बेटी को पिस्टल सटा महिला से चेन लूटने का प्रयास किया। हिम्मत दिखाते हुए महिला बदमाशों से भिड़ गई। इससे बदमाश चेन लूटने में कामयाब नहीं हो पाए। बदमाशों ने पिस्टल की बट मारकर मां व बेटी दोनों को घायल कर दिया। उनकी मदद के लिए पास में खड़ी पुलिस तमाशबीन रही।
सेक्टर स्वर्ण नगरी में रहने वाली महिला रश्मि गृहणी हैं। सब्जी खरीदने के लिए मंगलवार शाम सात बजे वह स्कूटी से बीटा दो सेक्टर में लगने वाले बाजार में आई थी। महिला के साथ उसकी बेटी निष्ठा भी थी। मोटर साइकिल से आए दो बदमाशों ने स्कूटी के बगल में अपनी गाड़ी लगाकर चेन लूटने के लिए झपट्टा मारा। लेकिन बदमाशों के हाथ में चेन नहीं आई। हड़बड़ा कर महिला गिर गई। मोटर साइकिल से उतरकर बदमाशों ने बच्ची की कनपटी पर पिस्टल सटा दी। यह देखकर महिला क्रोधित हो गई। उसने शोर मचाया लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आए नहीं आया। हिम्मत दिखाते हुए अकेली महिला दोनों बदमाशों से भिड़ गई। महिला ने एक बदमाश की पिटाई कर दी। दूसरे बदमाश ने अपने साथी को फंसा हुआ देखा तो उसने महिला को रोकने के लिए बच्ची के सिर पर पिस्टल की बट से वार कर दिया। इससे महिला सहम गई। बाद में बदमाश ने महिला के सिर पर भी बट से वार किया। दोनों बदमाश मोटर साइकिल लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद आस-पास के लोग मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को। इलाज के लिए महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला का कहना है कि अगर आसपास के लोग थोड़ी हिम्मत दिखाकर मेरा साथ देते तो बदमाशों को पकड़ा जा सकता था। महिला का कहना है कि पास में मोटर साइकिल पर दो पुलिसवाले थे। मदद करने की बजाए वह चले गए।
बदमाशों को पकड़ने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि घटना स्थल पर कौन पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
डा. ब्रजेश सिंह, एसपी देहात