असमंजस की भेंट चढ़ गया तहसील दिवस
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: तहसील दिवस को लेकर मंगलवार को असमंजस की स्थिति रही। विधानसभा व लोकसभा उपचुनाव की आचार संहिता लागू होने की वजह से अधिकतर अधिकारी कर्मचारी तहसील दिवस में नहीं पहुंचे। तहसील दिवस रस्म अदायगी बनकर रह गया। शिकायत लेकर आए लोगों को निराश लौटना पड़ा। हालांकि नोएडा विधानसभा का उपचुनाव होने की वजह से दादरी में तहसील दिवस का आयोजन नहीं किया गया।
जनता की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण के लिए तहसील दिवस का आयोजन होता है। माह का तीसरा मंगलवार होने की वजह से तहसील दिवस होना था। लेकिन उपचुनाव होने की वजह से जिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी चुनाव तैयारी में व्यस्त हो गए। तहसील दिवस के आयोजन की जानकारी अन्य विभागीय अधिकारियों को नहीं दी गई। इससे अधिकतर अधिकारी व कर्मचारी यह मानकर बैठ गए कि आचार संहिता लागू होने की वजह से तहसील दिवस का आयोजन नहीं होगा। इसके चलते वह सदर व जेवर में हुए तहसील दिवस में नहीं पहुंचे। दूसरे कर्मचारी भी वरिष्ठ अधिकारियों को तहसील दिवस में उपस्थित न देखकर कुछ देर रुके और वापस लौट गए। वहीं तहसील दिवस में समस्याएं लेकर आए लोग भी अधिकारियों को गैर मौजूद देखकर वापस निराश लौट गए। हालांकि नोएडा विधानसभा क्षेत्र दादरी तहसील का हिस्सा होने की वजह से वहां तहसील दिवस आयोजित नहीं हुआ। यहां जिलाधिकारी को तहसील दिवस की अध्यक्षता करनी थी।
एडीएम प्रशासन चंद्रशेखर ने कहा किचुनाव तैयारी में व्यस्तता की वजह से उच्च अधिकारी तहसील दिवस में नहीं पहुंच सके थे। जेवर व सदर में तहसील दिवस आयोजित किया गया था। लोगों ने तहसील दिवस में शिकायतें दर्ज कराई हैं।