दुष्कर्म के बाद अधेड़ ने की बालिका की हत्या
मुजफ्फरनगर: घर से जूता ठीक कराने गई छह वर्षीय बालिका का शव शनिवार को गांव के बाहर रजवाहे से बरामद
मुजफ्फरनगर: घर से जूता ठीक कराने गई छह वर्षीय बालिका का शव शनिवार को गांव के बाहर रजवाहे से बरामद हुआ था। पुलिस ने बालिका के पिता की तहरीर पर दो लोगों को हिरासत में लिया था। रविवार को एसपी देहात ने राजफाश किया कि दुष्कर्म के बाद बालिका की हत्या मोची सतकुमार (45) ने ही की थी।
पुलिस लाइन में एसपी देहात विनीत भटनागर ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि शाहपुर क्षेत्र के सोरम गांव के रजवाहे से छह वर्षीय बालिका इकरा का शव बरामद हुआ था। सूचना पर मोची सतकुमार पुत्र शुगनचंद को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, तो उसने जुर्म का इकबाल करते हुए बताया कि 29 नवंबर की शाम इकरा उसके घर अपना जूता ठीक कराने आई थी। घर पर वह अकेला था। बालिका को बहला-फुसलाकर कमरे में बंद कर दिया और दुष्कर्म किया। इसी दौरान मुंह भींचने से उसकी मौत हो गई। अगले दिन तक सतकुमार ने शव को अपने घर पर ही छिपाए रखा और रात में शव को एक प्लास्टिक के कट्टे में बंद कर गांव के रजवाहे में बहा दिया।
बालिका का जूता घर से बरामद
एसपी देहात ने बताया कि अभियुक्त की निशानदेही पर उसकी घर की अलमारी में छिपाया गया बालिका का जूता व पायजामा बरामद कर लिया गया है। बताया कि खून से सनी चारपाई भी बरामद हुई है। वैज्ञानिक साक्ष्य के लिए अभियुक्त का सीरम टेस्ट कराया जा रहा है। चारपाई पर लगे खून का सेंपल लेकर विधिविज्ञान प्रयोगशाला आगरा भेजा जा रहा है। एसपी देहात ने बताया कि पोस्टमार्टम में बालिका के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। मृत्यु दम घुटने से बताई गई है। आरोपी अपने परिवार की एक लड़की से भी छेड़छाड़ कर चुका है।