जमकर दौड़े बुलंदशहर के युवक
मुजफ्फरनगर: नुमाइश मैदान में चल रही सेना भर्ती के चौथे दिन बुलंदशहर के युवकों ने दौड़ लगाई। दौड़ को पा
मुजफ्फरनगर: नुमाइश मैदान में चल रही सेना भर्ती के चौथे दिन बुलंदशहर के युवकों ने दौड़ लगाई। दौड़ को पास करने वाले अभ्यर्थियों की दूसरे चरण में नापतौल व अन्य शरीरिक प्रक्रिया पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को मेडिकल के लिए चयनित कर लिया गया।
मेरठ सेन्य भर्ती बोर्ड के निदेशक कर्नल रजनीश मेहता के निर्देशन में नुमाइश मैदान में चल रही सेना भर्ती में शनिवार को बुलंदशहर जनपद की सिकंदराबाद, अनूपशहर, डिबाई व बुलंदशहर तहसील के अभ्यर्थियों की भर्ती थी। भर्ती के लिए इन स्थानों से कुल 11845 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। शनिवार तड़के दो बजे शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के बाद रायफल क्लब में इकट्ठा हुए अभ्यर्थियों की ऊंचाई नापने के बाद स्पोर्ट स्टेडियम के ट्रैक पर सुबह सात बजे से दौड़ शुरू कराई गई। कुल 6192 अभ्यर्थियों ने दौड़ लगाई। कई ग्रुप में हुई दौड़ में निर्धारित समय में केवल 565 अभ्यर्थी ही दौड़ पूरी कर सके। दौड़ पूरी करने वाले अभ्यर्थियों का नुमाइश मैदान में वजन, शरीरिक नापतौल, ऊंची कूद, लंबी कूद, पुशउप आदि कराए गए। फिजिकल टेस्ट में पास अभ्यर्थियों को मेडिकल के लिए चयनित कर लिया गया। कर्नल रजनीश मेहता ने बताया कि फिजीकल टेस्ट में पास जिन अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण-पत्र पूरे नहीं है। उन्हें मौका दिया गया है। फिजिकल, टेस्ट पास करने वाले अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्र जांचने के बाद मेडिकल कराया जाएगा। शनिवार को भी मेरठ छावनी के ब्रिगेडियर संदीप सहगल ने भर्ती का जायजा लिया।
नहीं पहुंचे 3969
शनिवार को होने वाली सेना भर्ती के लिए बुलंदशहर जनपद के 11845 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 3969 अभ्यर्थी भर्ती स्थल पर नहीं पहुंचे। बाकी अभ्यर्थियों की प्री-हाइट की गई तो 795 अभ्यर्थियों की हाइट कम पाई गई। इसके चलते उन्हें बाहर कर दिया। बाद में प्री हाइट में चयनित हुए अभ्यर्थियों की दौड़ व फिजिकल टेस्ट कराया गया।
कोहरा बन रहा बाधा
लगातार दूसरे दिन भी कोहरे के कारण दौड़ देरी से शुरू हुई। तड़के दो बजे से शुरू होने वाली भर्ती प्रक्रिया में रायफल क्लब के बाद प्री-हाइट में पास होने वाले अभ्यर्थी नुमाइश मैदान में पहुंचते हैं जहां से उन्हें दौड़ के लिए स्पोर्ट स्टेडियम भेजा जाता है। सुबह छह बजे दौड़ शुरू हो जाती है, लेकिन शनिवार को कोहरा होने के कारण दौड़ देर से शुरू कराई गई। शुक्रवार को भी कोहरे के कारण दौड़ एक घंटा देरी से शुरू हुई थी।