आतंकी हमले के बाद शहर में चौकसी
मुजफ्फरनगर: पंजाब के गुरदासपुर दीनानगर में हुए आतंकी हमले के बाद जिले में अलर्ट घोषित कर दिया गया है
मुजफ्फरनगर: पंजाब के गुरदासपुर दीनानगर में हुए आतंकी हमले के बाद जिले में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर जहां पुलिस पिकेट लगा दी गई है, वहीं शहर के बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ ही यात्रियों की जांच-पड़ताल की गई। शहर के सभी थानों पर सुरक्षा बंदोबस्त पुख्ता कर दिए गए हैं।
पंजाब के गुरुदासपुर दीनानगर आतंकी हमले के बाद पूरे देश में अलर्ट कर दिया गया है। एडीजी लॉ एंड आर्डर के आदेश के बाद पूरे प्रदेश में सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा बंदोबस्त की समीक्षा का आदेश सभी जिला पुलिस प्रमुखों को दिया गया है। इसके बाद दोपहर में एसएसपी के आदेश पर रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर पुलिस टीम ने पहुंचकर यात्रियों की जांच की। पूरे स्टेशन को अच्छी तरह खंगाला गया। शहर के अहम स्थानों और स्टेशन पर पुलिस बल तैनात किया गया। संदिग्ध लोगों की तलाश शुरू कर लोगों को सतर्क किया गया है। संदिग्ध गतिविधि के बारे में सूचना पुलिस को देने की अपील लोगों से की जा रही है।
दूसरी ओर, शहर व देहात के सभी थानों में पुलिस ने सुरक्षा बंदोबस्त दुरुस्त करने को कहा गया है। शहर के सभी थानों में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। थाने की सुरक्षा के लिए संतरी को सजग रहने का आदेश दिया गया है। शहर के थानों में इसका असर देखा गया। संतरी मुस्तैद दिखे और थाने पर भी सुरक्षा व्यवस्था चौकस रही।