सर, मुजफ्फरनगर में नरेंद्र मोदी आए हुए हैं..
छपार (मुजफ्फरनगर) : 'हैलो, पुलिस कंट्रोल रूम से बोल रहे हैं? सर, यहां रामपुर तिराहे पर प्रधानमंत्री
छपार (मुजफ्फरनगर) : 'हैलो, पुलिस कंट्रोल रूम से बोल रहे हैं? सर, यहां रामपुर तिराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए हुए हैं। वह मोदी सेना के जिलाध्यक्ष के घर पर मौजूद हैं और लोगों की समस्याएं भी सुन रहे हैं। उनके साथ कुछ भाजपाई भी मौजूद हैं'।
गुरुवार को यह सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। बाद में पता चला कि वह नरेंद्र मोदी नहीं, बल्कि उनके हमशक्ल अभिनंदन पाठक हैं। रामपुर तिराहा स्थित इंटर कालेज के सामने मोदी सेना के जिलाध्यक्ष विनोद पुंडीर का मकान है। इनके मकान में 30 सितंबर की रात को परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली गई थी। घटना को एक माह गुजरने के बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी।
मोदी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिनंदन पाठक उर्फ अभिनंदन मोदी गुरुवार दोपहर विनोद पुंडीर के घर पहुंच गए। यहां उन्होंने मोदी सेना के कार्यकर्ताओं से बातचीत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमशक्ल होने के कारण कुछ लोगों को भ्रम हुआ और उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दिया। बताया कि मुजफ्फरनगर में रामपुर तिराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए हुए हैं। मोदी स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे है और पुलिसिंग के बारे में पूछ रहे हैं।
इस बात की जानकारी हुई तो पुलिस विभाग में खलबली मच गई। आननफानन में सूचना फ्लैश की गई। कोतवाली और छपार पुलिस मौके पर भी पहुंच गई। हालांकि बाद में पूरा मामला समझ में आया तो पुलिस वापस लौट आई। इस दौरान मोदी सेना राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिनंदन पाठक ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर वार्ता की और जिलाध्यक्ष विनोद पुंडीर के घर हुई वारदात का जल्द खुलासा करने की मांग की। चेतावनी दी कि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो मोदी सेना कानून व्यवस्था को लेकर आंदोलन करेगी।