देश व प्रदेश सरकार किसान विरोधी: रीता बहुगुणा
मुजफ्फरनगर : कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी जनता को झांस
मुजफ्फरनगर : कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी जनता को झांसा देकर प्रधानमंत्री तो बन गए, लेकिन देश की आर्थिक रीढ़ माने जाने वाले किसानों के दुख-दर्द से उनका कोई लेना-देना नहीं है। यही वजह है कि वह एक भी किसान को अमेरिका यात्रा पर अपने साथ नहीं ले गए। आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार चीनी मिल मालिकान के साथ मिली हुई है।
किसान समस्याओं पर टाउन हाल मैदान में आयोजित सम्मेलन में रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि केवल कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो 127 वर्षो से प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर ने कहा कि पाकिस्तान सीमा पर गोले बरसा रहा है और चीनी सेना भारतीय सीमा के 25 किमी. भीतर तक पहुंच चुकी है। देश का प्रधानमंत्री हाथ पे हाथ धरे बैठे हेैं। केवल लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।
कांग्रेस के पश्चिमी प्रदेश प्रभारी नसीब सिंह ने कहा कि किसान अन्नदाता है, लेकिन केन्द्र व प्रदेश सरकार सबसे अधिक उत्पीड़न उसी का करा रही हैं। प्रदेश सरकार मिल मालिकान से मिली हुई हैं, जिससे बकाया भुगतान नहीं हो रहा। उन्होंने गन्ना मूल्य 350 रुपए प्रति कुंतल दिलाने की मांग की। पूर्व सांसद हरेन्द्र मलिक ने कहा कि चीनी मालिकान छह प्रतिशत तो पहले ही घटतौली कर किसानों का हक मार लेते हैं। चोरी खुलती है तो किसी मिल अधिकारी को जेल भेज दिया जाता है, लेकिन किसानों को गन्ना मूल्य नहीं दिया जाता। पूर्व मंत्री दीपक कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है। चीनी मिल मालिकान को प्रदेश सरकार का संरक्षण प्राप्त है। किसान मर रहा है और उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं। कांग्रेस ही किसानों के अधिकारों की लड़ाई सड़कों पर उतरकर लड़ेगी। पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश ने कहा कि वह किसान भी हैं और एक चीनी मिल मालिक भी। वह एक माह पूर्व पूरा गन्ना मूल्य भुगतान करा चुके हैं। पूर्व सांसद सईदुज्जमां ने भी किसानों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। सभा के बाद कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम प्रशासन डा. इन्द्रमणि त्रिपाठी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष नानू मियां, नगर अध्यक्ष हरेन्द्र त्यागी, नगर पालिका चेयरमैन पंकज अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य नसीब पठान, विधायक पंकज मलिक, तेगबहादुर सैनी एड., राहुल भारद्वाज, जुनैद रऊफ, बिलकीस चौधरी, अब्दुल्ला आरिफ आदि शामिल रहे।