वारदात के पीछे रंजिश या कुछ और?
मुजफ्फरनगर :हिस्ट्रीशीटर राजेश त्यागी पर हुए हमले के बाद मीनाक्षी चौक पर माहौल बिगड़ते-बिगड़ते बचा। शहर में अफवाहों का बाजार ऐसा गरमाया कि पुलिस अधिकारियों के पैर उखड़ गए। पुलिस अब इस वारदात के पीछे रंजिश या फिर दूसरी कहानी पर काम कर रही है। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटर का ब्यूटी पार्लर संचालिका से कनेक्शन भी खंगाला जा रहा है।
एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि राजेश त्यागी की छपार थाने में हिस्ट्रीशीट खुली हुई है। आरोपी ने अपने गांव खुड्डा में मास्टर वीरेंद्र त्यागी और एक अन्य युवक बॉबी का कत्ल किया था। इसके अलावा छपार थाने में आरोपी के खिलाफ कुल मिलाकर पांच मामले दर्ज हैं। एक मुकदमा मुरादनगर थाने में दर्ज है।
एसपी सिटी के अनुसार घायल राजेश ने पुलिस को गांव निवासी अजय और नितिन के नाम हमले में बताए थे। अजय पक्ष के साथ राजेश की रंजिश चल रही है। एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ के लिए दोनों को उठाया है, लेकिन इन दोनों के हमले में शामिल होने की संभावना कम है।
पुलिस दूसरी ओर रंजिश, प्रेम प्रसंग और ब्यूटी पार्लर कनेक्शन पर भी काम कर रही है। पुलिस के अनुसार जिस ब्यूटी पार्लर संचालिका के साथ राजेश मूवी देखने आया था, उसके साथ प्रेम प्रसंग है। ऐसे में इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
इंसानियत के नाते बचाने पहुंचा था
मुजफ्फरनगर में आए दिन होने वाली सांप्रदायिक झड़पों और विवाद के बावजूद रहमान जैसे लोग हिंदू-मुस्लिम एकता की लौ जलाए हुए है। राजेश त्यागी पर हुए हमले के दौरान रहमान और मोहम्मद की नजर बदमाशों पर पड़ गई थी। दोनों बदमाशों से भिड़ गए थे। दोनों को गोली भी लगी। दोनों ने बदमाशों से भिड़ने से पहले यह नहीं सोचा कि जिस पर हमला हुआ, वह हिंदू है कि मुसलमान। दोनों ने अपना इंसानियत का धर्म निभाया।