मानकों को पूरा करेगी फर्टिलाइजर फैक्ट्री
मुजफ्फरनगर : शहर के बुढ़ाना मोड़ स्थित अंकुर फर्टिलाइजर फैक्ट्री शीघ्र ही मानकों को पूरा करेगी। फैक्ट्री में तीन दिन पहले टैंकर में विस्फोट हो गया था, जिसमें काम करने वाले दो लोगों की मौत हो गई थी। फैक्ट्री प्रबंधन मृतकों के परिजनों को सहायता देने के अलावा शीघ्र ही मानकों को भी पूरा करेगी।
अंकुर फर्टिलाइजर प्रा.लि. प्रबंधक आरएस बंसल ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में फर्टिलाइजर व कृषि उपयोग की वस्तुओं का निर्माण नहीं होता है। उनकी फैक्ट्री अंकुर फर्टिलाइजर के नाम से शुरू से ही पंजीकृत है। फैक्ट्री में सल्फ्यूरिक एसिड का उत्पादन किया जाता है, जो साबुन बनाने में इस्तेमाल होता है।
कंपनी वाणिज्यकर, एक्साइज, फैक्ट्री एक्ट समेत कई विभागों में पंजीकृत है। जिला उद्योग केन्द्र में भी फैक्ट्री फर्टिलाइजर के नाम से ही दर्ज है। जिला कृषि अधिकारी रामजतन मिश्र ने बताया कि कंपनी में उर्वरक या कृषि संबंधी वस्तुओं का उत्पादन नहीं किया जाता। इसलिए कृषि विभाग में रजिस्ट्रेशन नहीं है। प्रबंधक आरएस बंसल ने बताया कि अधिकारियों के जांच में जो भी खामी पाई गई उसको शीघ्र दूर कर लिया जाएगा।