दंगा मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
शाहपुर :थाना पुलिस ने छह नवंबर को डा. हरवीर आर्य के घर हुई आगजनी की घटना के एक आरोपी को पकड़ लिया। शाम को आरोपी को थाने से जमानत पर छोड़ दिया गया।
शाहपुर में डा. हरवीर आर्य के घर पर छह नवंबर को आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में शाहपुर निवासी वसीम पुत्र अख्तर अली को आरोपी बनाया गया था। आरोपी को शुक्रवार सुबह थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शाम के समय आरोपी को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया।
दंगे के आरोपियों की थाने से जमानत पर आक्रोश
दंगा प्रकरण में आरोपियों को थाने से जमानत दी जा रही है। भाजपा नेता नितिन मलिक ने आरोप लगाया कि पुलिस हल्की धाराओं का हवाला देकर संप्रदाय विशेष का पक्ष ले रही है। ऐसे में आक्रोश बढ़ रहा है।
दंगे के आरोपी की जमानत अर्जी खारिज
मुजफ्फरनगर : सांप्रदायिक दंगे के दौरान मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मथेड़ी निवासी दो सगे भाइयों की हत्या के मामले में जनपद न्यायाधीश कोर्ट ने एक और आरोपी की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। दोनों सगे भाई दूध का कारोबार करते थे और नौ सितंबर को खतौली से दूध डालकर रात में अपने गांव लौट रहे थे। दंगों की जांचकर रही एसआइटी ने दोनों भाई साहिद और काला की हत्या के आरोप में छह आरोपी चिह्नित किए थे। एसआइटी ने पांच आरोपी गिरफ्तार किए थे, जबकि एक आरोपी राहुल फरार चल रहा है। जनपद न्यायाधीश कोर्ट ने शुक्रवार को इस केस के आरोपी मंटू की जमानत अर्जी खारिज कर दी हैं।