चचेरे भाई की गोली से घायल अतुल की इलाज के दौरान मौत
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : प्रापर्टी विवाद में शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे अतुल विश्नोई को चच
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद : प्रापर्टी विवाद में शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे अतुल विश्नोई को चचेरे भाई प्रभाकर ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी थी। गंभीर हालत में उसे कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। अतुल की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। पीड़ित की तहरीर पर चचेरे भाई प्रभाकर, उसकी पत्नी व एक अन्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
छजलैट थाना क्षेत्र के फत्तेपुर विश्नोई निवासी अतुल विश्नोई (35) शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे के आसपास फत्तेपुर विश्नोई पुलिस चौकी से लगभग 100 कदम की दूरी पर स्थित खेतों के पास थे। उनका काफी दिनों से विवाद चचेरे भाई प्रभाकर से चल रहा है। प्रभाकर सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के आशियाना में रहता है। पीड़ित ने बताया कि प्रभाकर हाथ में बंदूक लेकर आ गया। पहले अतुल और प्रभाकर के बीच किसी बात पर विवाद हुआ। विवाद कुछ इस कदर बढ़ा कि प्रभाकर ने अतुल के सीने को निशाना बनाते हुए फायर कर दिया। बचाव में अतुल इधर उधर हटे तो गोली उनके पेट के दाहिने हिस्से में धंस गई। फायर की आवाज सुन आसपास के रहने वाले ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर अतुल के भाई अमित विश्नोई तथा परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्हें कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज शुरू किया गया। उन्हें दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अतुल के परिवार में पत्नी प्रीती, एक बेटी तथा एक बेटा है।