झमाझम बरसात ने मचाई तबाही, आधा ठाकुरद्वारा डूबा
संवाद सूत्र, ठाकुरद्वारा बुधवार रात से शुरू हुई बारिश ने शहर में तबाही मचा दी। करीब ग्यारह घंटे
संवाद सूत्र, ठाकुरद्वारा
बुधवार रात से शुरू हुई बारिश ने शहर में तबाही मचा दी। करीब ग्यारह घंटे तक पानी गिरने से शहर में हर जगह पानी ही पानी हो गया। आधे शहर में बाढ़ जैसे हालात बनने के साथ उपजिलाधिकारी आवास के साथ सरकारी दफ्तरों, बाजारों और घरों में भी जलभराव हो गया। कई जगह चार फुट ऊंचाई तक पानी भरने से वाहनों का आवागमन ठप हो गया। जलभराव से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
रात करीब 12 बजे आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। रात ढाई बजे से झमाझम बारिश होने लगी जो सुबह 11 बजे तक होती रही। बारिश से सड़कों और फिर गली मुहल्लों में जलभराव होने लगा। देखते ही देखते आधे से ज्यादा शहर बाढ़ की चपेट में आ गया। शहर के निचले इलाकों में चार फीट से भी ज्यादा पानी जमा हो गया।
नगर के एसडीएम कोर्ट रोड पर चार फीट से भी अधिक ऊंचाई तक पानी बहने लगा। बाढ़ का पानी एसडीएम आवास में घुसा तो घर में मौजूद भांजे ने एसडीएम को फोन से अवगत कराया। उन्होंने विद्युत उपखंड अधिकारी से तत्काल पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बंद करने को कहा। इसके अलावा उपजिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, पूर्ति कार्यालयों के अलावा सिविल जज न्यायालय में घुसने से फाइलें व इनवर्टर खराब हो गए। पानी ने दुकानों में घुस कर सामान बर्बाद कर दिया।
नगलिया रोड पर हास्य कवि शरीफ भारती के आवास से काशीराम कालोनी तक चार फीट पानी जमा हो गया। कुड़का नदी के रास्ते में निर्माण और नालों की सफाई नहीं होने की वजह से सबसे ज्यादा मुकसान इसी क्षेत्र में हुआ। नगलिया रोड निवासी अली मोहम्मद के मकान में तो सात फुट ऊंचाई तक पानी घुस आया। परिवार के लोगों को छत पर चढ़कर जान बचानी पड़ी। बुध बाजार में भी दुकानों में पानी घुस गया है। आसपास के क्षेत्रों में सड़क पर तीन फीट ऊंचाई तक पानी बहने से फैजुल्लागंज मार्ग, नगलिया रोड बंद हो गया।
....
ढेला नदी उफनने से कई गांवों में जलभराव
ठाकुरद्वारा : ढेला नदी में आई बाढ़ का पानी मानपुर दत्तराम, बथुआखेड़ा व आसपास के गांव में घुस आने से ग्रामीणो में दहशत व्याप्त हो गई। खेतों में पानी भरने से फसल नष्ट होने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर पलायन करने की तैयारी करते देखे गए हैं। जलभराव से सबसे अधिक परेशानी पशुओं को हो रही है। तहसीलदार सुनील त्रिवेदी का कहना है कि ढेला नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को सतर्क कर दिया गया है। फिलहाल कोई खतरा नहीं है।
....