प्रदेश में तालाबों की खोदाई पर सरकार चिंतित: शिवपाल
जागरण संवाददाता,मुरादाबाद : कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि विलुप्त होते तालाब एक गंभीर समस्या
जागरण संवाददाता,मुरादाबाद : कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि विलुप्त होते तालाब एक गंभीर समस्या है। दैनिक जागरण ने तालाबों का मुद्दा उठाकर सरकार का ध्यान केंद्रित किया है। प्रदेश सरकार तालाबों की खोदाई को चिंतित है। प्राथमिकता के तौर पर बुंदेलखंड में 100 तालाबों की खोदाई चल रही है। पूरे प्रदेश में तालाब खोदे जाएंगे। इनको रीचार्ज करने की योजना है, जिसके लिए शासनादेश जारी हो चुका है।
कैबिनेट मंत्री मंगलवार को जिला योजना की बैठक में शामिल होने के लिए आए थे। इसके बाद वह दिवंगत महापौर वीना अग्रवाल के शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना देने उनके आवास पहुंचे थे। यहां जागरण से हुई विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग मेरा मंत्रालय है। लिहाजा तालाब व नदियों में जल संचय होगा। छह महीने पहले मैंने इजराइल का दौरा किया था। वहां हमारे देश से तीन गुना पानी अधिक है। फिर भी लोग पानी बर्बाद नहीं होने देते। जल संचय के लिए जागरण के इसी तरह के अभियान से लोगों में जागरुकता आएगी। शिवपाल यादव ने कहा कि वाराणसी की वरुणा नदी व लखनऊ की गोमती नदी का पुनरुद्धार किया जा चुका है। तालाब व नहरों में पानी संचय होने से किसानों को लाभ होगा। प्रदेश में नहरों से खेती सिंचाई का एरिया बढ़कर अब 18 लाख हेक्टेयर हो चुका है। नहरों व तालाबों की सफाई भी कराई जा रही है।
इसके अलावा राष्ट्रीय लोकदल से गठजोड़ के सवाल पर बोले कि सपा उप्र में सबसे बड़ी पार्टी है। उन सभी लोगों को जोड़ने की कोशिश है जो लोहिया व गांधी विचारधारा के रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह से मुलायम सिंह के अच्छे संबंध थे। अगर विचार मिलते हैं तो गठजोड़ के बारे में पार्टी हाईकमान तय करेगा। लेकिन अभी प्रदेश में चुनाव के दस महीने हैं। क्या परिस्थितियां होंगी कह नहीं सकते। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं का सम्मान करना जानती है। वीना अग्रवाल जिला योजना की बैठक में कई बार रहीं और हमेशा मुरादाबाद के विकास की बात करती थीं। उनके निधन के बाद शोक संतृप्त परिवार के हम साथ हैं।