आज पेटियों में कैद होगा पंचायत सरकार का फैसला
जागरण संवाददाता,मुरादाबाद: गांव का मुखिया चुनने के लिए आज जनता अपने अधिकार का प्रयोग करेगी। पांच व
जागरण संवाददाता,मुरादाबाद:
गांव का मुखिया चुनने के लिए आज जनता अपने अधिकार का प्रयोग करेगी। पांच वर्षो तक गांव की सत्ता सौंपने के लिए प्रधान जनता की कसौटी में कितना खरा है, इस बात का फैसला आज मतपेटियों में पड़ने वाले मतपत्रों में कैद हो जाएगा। ठाकुरद्वारा ब्लाक की सत्तर ग्राम पंचायतों में एक लाख पैंतीस हजार लोग मतदान करेंगे। इन पंचायतों में दो सौ तीन पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। जबकि चार सौ छह मतपेटियां मतदान के लिए भेजी गई हैं। प्रधान पद के लिए 850 प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं सदस्य पद के लिए 1118 प्रत्याशी मैदान में हैं। शुक्रवार को मतदान के लिए 44 वाहनों में पोलिंग पार्टियों को बूथों के लिए रवाना किया गया। डिलारी ब्लाक की 77 ग्राम पंचायतों में एक लाख अस्सी हजार लोग मतदान करेंगे। इस ब्लाक में 1020 प्रत्याशी प्रधान के लिए दावेदार हैं। जबकि 1005 प्रत्याशी सदस्य पदों में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस ब्लाक में मतदान के लिए शुक्रवार को 255 पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया।
......................
सुबह सात बजे शुरू होगा मतदान
प्रथम चरण के चुनाव का मतदान सुबह सात बजे शुरू हो जाएगा। निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देश पर शाम साढ़े चार बजे तक मतदान किया जाएगा। इसके बाद केवल लाइन में लगे लोगों को ही मतदान करने की इजाजत प्रदान की जाएगी।