नंद घर आंनद भयो जय कन्हैया लाल की
मुरादाबाद : श्री दुर्गा भवन मंदिर स्टेशन रोड पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में माहौल श्री कृष्ण की भक्त
मुरादाबाद : श्री दुर्गा भवन मंदिर स्टेशन रोड पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में माहौल श्री कृष्ण की भक्ति में रंग गया। परिसर को ब्रज सरीखा नजर आया। भागवत प्रेमी झूमे, नाचे और एक दूसरे को बधाई दी। श्री कृष्ण जन्म यहां जीवंत हो उठा। नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की...के साथ ही कथा के क्रम को आगे बढ़ाते हुए यदुनन्दनाचार्य ने कहा कि आसक्ति की चिंता करते हुए यदि देह त्यागेंगे तो वहीं शरीर अगले जन्म में भी मिलेगा। अजामिल प्रसंग में कहा कि यदि पाप आंखों द्वारा शरीर में प्रविष्ट हो तो मन बिगड़ता है और जीवन व नाम दोनों बिगड़ता है। सत गुण की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रभु की कृपा से ही भक्ति प्राप्त होती है। गजेंद्र मोक्ष की कथा के साथ ही गृहस्थ आश्रम, वामन भगवान की कथा तथा कथा के नवें स्कंध का विस्तार से उन्होंने वर्णन किया। दशम स्कंध की कथा में उन्होंने कहा कि भागवत का फल, भगवान श्री कृष्ण का हृदय है। कथा मनुष्य को जगत का विस्मरण कराती है। इस दौरान महिला संकीर्तन मंडल, जय दुर्गे संकीर्तन मंडल की सदस्यों का पूरा सहयोग रहा। उधर नवीन नगर में आयोजित भागवत कथा में इस्कॉन संकीर्तन प्रमुख धीर शांत दास ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के अद्भुत अवतार का वर्णन किया। शिव दक्ष प्रजापति संवाद से मान को प्रथम सम्मान करना बताया। अजामिल की कथा से नाम जप एवं सुमिरन का महत्व समझाया। गजेंद्र मोक्ष में भजन के साथ ही समुद्र मंथन लीला का विस्तार से वर्णन किया। रघुवंश के प्रतापी एवं धर्मनिष्ठ राजा का वर्णन करते हुए उनके गुण व कार्यो की सराहना की। कथा में ही श्री कृष्ण जन्मोत्सव की खुशी मनाई गई। यहां पूनम चावला, सुमित अग्रवाल, लीना अग्रवाल, प्रभा बब्बर, पायल, कुसुम, प्रमिला भी मौजूद रहीं।
----------------------
इनसेट..आज अमरनाथ को रवाना होगी यात्रा
श्री संकट मोचन महाशिव मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को दोपहर दो बजे दसवीं अमरनाथ यात्रा के लिए दल रवाना होगा। यहां से 54 भक्त रवाना होंगे। महंत राज कुमार सैनी ने सबको रवाना किया।
इनसेट..यात्रा पर जाने को बनाई रणनीति
जय बाबा भोले नाथ सेवा समिति की सभा शनिवार को श्री मनोकामना हनुमान मंदिर इंपीरियल तिराहा पर हुई। इसमें अध्यक्ष अजय कत्याल ने 6 जुलाई को अमरनाथ यात्रा को लेकर तैयारियों पर चर्चा की। बोले कि सुबह पांच बजे मंदिर परिसर से यात्रा रवाना होगी। श्री अमरनाथ, श्री वैष्णो देवी, स्वर्ण मंदिर का भी दर्शन किया जाएगा। बैठक में सुरेश मदान, राज भंदूला, अजय सिडाना, सोनू भंडूला भी मौजूद रहे।
----------------------
राघवेंद्र