सर्वेश की बेरुखी पर भाजपा नेतृत्व गंभीर
मुरादाबाद : ठाकुरद्वारा उप चुनाव में सांसद सर्वेश सिंह की अनुपस्थिति को लेकर भाजपा नेतृत्व गंभीर हो गया है। केंद्रीय एवं प्रांतीय नेतृत्व को प्रतिदिन भेजी जाने वाली रिपोर्ट में सांसद को अनुपस्थित दर्शाया जा रहा है। गोपनीय रिपोर्ट में जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी और मोर्चा प्रकोष्ठों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों के बारे में भी जानकारी भेजी जा रही है।
लोक सभा चुनाव से पूर्व यह सीट भाजपा के पास होने के कारण पार्टी के लिए उपचुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। इसे जीतने के लिए उसने पूरी ताकत झोंक रखी है। हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई है। खासकर जिन इलाकों में विधायक ही सांसद बने हैं, वहां सीट जिताने की जिम्मेदारी भी उन्हीं को दी गई है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक बीते दिनों अपने पैतृक आवास रतुपुरा पहुंचे सांसद सर्वेश सिंह लोगों से मिले थे, मगर दो दिन बाद लौटकर मुरादाबाद आ गए। फिलहाल क्षेत्र में उनकी नामौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने अभी तक प्रचार की कमान नहीं सम्भाली है। भाजपा के ठाकुरद्वारा विधानसभा प्रभारी अशोक कटारिया ने बताया कि केंद्र एवं प्रांतीय नेतृत्व द्वारा प्रचार एवं जनसंपर्क की प्रतिदिन की गोपनीय रिपोर्ट तलब की जा रही है। जो प्रचार में शामिल नहीं हो रहा है उसकी अनुपस्थिति लग रही है। हालांकि क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह इस बारे में कुछ भी कहने से बचते नजर आए। उनका कहना था कि जिलाध्यक्ष ही इस बारे में बेहतर बता पाएंगे।
मुझे नहीं कोई जानकारी
भाजपा के जिलाध्यक्ष एवं सांसद सम्भल सतपाल सैनी ने उप चुनाव के प्रचार की जानकारी होने से ही इन्कार किया। उनका कहना है कि मेरे लोकसभा क्षेत्र में ही इतने कार्यक्रम रहते हैं। इसलिए उप चुनाव ठाकुरद्वारा के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मैं खुद वहां अभी तक जा नहीं सका हूं।