धार्मिक स्थल की तौहीन पर हंगामा
मुरादाबाद। पवित्र धार्मिक स्थल की तौहीन पर गुरुवार को शहर में हंगामा हो गया। समुदाय विशेष के लोगों ने बाजार बंद करा दिया। इसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने सात शू-स्टोर सीज कर दिए। पुलिस ने विवादित चप्पलों को कब्जे में लेकर आगरा की शू कंपनी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
महानगर कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती के तनवीर अहमद ने दो दिन पहले अमरोहा गेट स्थित रॉयल फुटवेयर से चप्पल खरीदी थी। चप्पलों को उल्टा रखने पर एक धार्मिक स्थल की आकृति नजर आई। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी ऑल इंडिया अहले सुन्नत के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इंतेसाब हुसैन कदीरी को दी। गुरुवार की सुबह समुदाय विशेष के लोग अमरोहा गेट क्षेत्र में एकत्र होने लगे। एकाएक गंज बाजार, टाउनहाल, बुधबाजार, सदर तहसील, चौमुखापुल व मंडी चौक का बाजार बंद हो गया। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस प्रशासन ने चेकिंग अभियान चलाकर जूते-चप्पल की दुकानों में छानबीन की।
इस दौरान रॉयल फुटवेयर से पांच जोड़ी विवादित प्रतीक चिह्न वाली चप्पल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने रॉयल व यूनिक समेत सात शू स्टोर्स सीज कर दिए। कार्रवाई के बाद ही गुस्साए लोग शांत हुए। तनवीर ने चप्पल बनाने वाली आगरा हींग मंडी की स्टाइलो शू कंपनी के मालिक हाजी तसलीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
व्यापारियों में फूटा गुस्सा
आवाम के गुस्से को कम करने के लिए प्रशासन ने सात शू स्टोर्स सीज किए तो व्यापारी भड़क गए। उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर दीं। एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे। उनका कहना था कि इस पूरे मामले में व्यापारियों का कोई कसूर नहीं है। इस पर अफसर बैकफुट पर आ गए और प्रशासन ने दुकानों की सील खोल दी।
धार्मिक उन्माद के बाद बाजार में भीड़, चेहरे पर गुस्सा देखकर पुलिस की नींद उड़ गई। मुजफ्फरनगर के बाद सहारनपुर और फिर बरेली में बुधवार की रात फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद बवाल को लेकर प्रशासन रात से ही सर्तक था। बाजार में भीड़ बढ़ी तो पुलिस प्रशासन की नींद उड़ गई। पुलिस ने बाजार गंज से मंडी चौक टाउन हाल से रेलवे स्टेशन व मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में भी फोर्स बढ़ा दी। दोपहर बाद जैसे ही मामला निपटा तो अफसरों ने राहत की सांस ली।