पंप नहर दे रही धोखा, सूख रहीं फसल
मीरजापुर : रबी की फसल खेतों में पककर तैयार है। किसान फसलों की कटाई में दिन रात जुट गये हैं। कुछ किसान जायद की फसलों की बोआई किये हुए हैं। उनकी फसल तैयार हो गयी है। सप्ताह भर से मौसम का पारा गरम हो गया है। सब्जियों को तो दूसरे दिन पानी चाहिए। सिटी विकास खंड के ज्यादातर किसान सखौरा पंप नहर पर आश्रित हैं। इस समय नहर धोखा दे रही है। अघोषित विद्युत कटौती की वजह से पंप पूरी क्षमता से नहीं चल पा रहे हैं। एक बार यदि पंप चलता है और खेत तक पानी नहीं पहुंचता, लाइन ट्रिप कर जाती है। कुछ देर बाद जब बिजली आती है तो दोबारा मेहनत करनी पड़ती है। दोबारा पानी पहुंचने में उतना ही समय लग जाता है। अघोषित कटौती से किसान तंग आ चुके हैं। उन्हें महंगा बिल भी चुकता करना पड़ रहा है और फसलों को सूखने से भी नहीं बचा पा रहे हैं। पंप नहर को पूरी क्षमता से चलाने की मांग को लेकर सारीपुर गांव निवासी डीबी सिंह के नेतृत्व में किसान आंदोलन कर चुके हैं। किसानों की समस्या से प्रशासन को अवगत कराया गया। जोगियाबारी गांव निवासी सत्यदेव का कहना है कि सिंचाई विभाग के अभियंता अभी अपनी मानसिकता नहीं बदल पा रहे हैं। किसान सीएम को पत्रक भेजेंगे। पंप नहर को पूरी क्षमता से चलाने की मांग की जायेगी। उधर एडीएम भू राजस्व अनिल कुमार पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में दो दिन पहले सूखा राहत की बैठक ली थी उन्होंने भी नहरों को पूरी क्षमता से चलाने का निर्देश दिया था।। इसके बाद भी नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया है। सिंचाई विभाग के अभियंता किसानों के साथ मजाक कर रहे हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर