एमसीडी के बंटवारे को लेकर किसान हुए मुखर
राजगढ़ (मीरजापुर) : मीरजापुर नहर प्रखंड के बंटवारे को लेकर मड़िहान तहसील के किसान मुखर होने लगे हैं।
राजगढ़ (मीरजापुर) : मीरजापुर नहर प्रखंड के बंटवारे को लेकर मड़िहान तहसील के किसान मुखर होने लगे हैं। गुरुवार को राजगढ़ में किसानों की हुई बैठक में आर-पार की लड़ाई का एलान किया गया। इस दौरान किसानों ने कहा इस बंटवारे से मड़िहान तहसील के सिंचाई की व्यवस्था बदहाल हो जायेगी।
कहा कि मड़िहान तहसील के राजगढ़ मड़िहान पटेहरा क्षेत्र की सिंचाई मड़िहान ब्रांच से होती है। धनरौल जलाशय व सोन पंप कैनाल सोनभद्र जनपद में ही पड़ता है। पूर्व विधायक राम लोटन सिंह पटेल, किसान कल्याण समिति के मंत्री लक्ष्मीनारायण सिंह व डा. अरविंद ने एमसीडी के बंटवारे का पुरजोर विरोध किया। कहा सोनभद्र के अभ्युदय के पहले से मीरजापुर नहर प्रखंड से धनरौल बांध, नगवां व सोनलिफ्ट का संचालन होता आ रहा है। उनके संचालन व सिंचाई में कोई कमी नहीं रही, ऐसी स्थिति में उसके बंटवारे का क्या औचित्य है। किसान नेताओं ने कहा कि एमसीडी के बंटवारे के बाद मीरजापुर में पानी आने की कोई गारंटी नहीं रहेगी। जब तक एक विभाग एक महकमा पूरी घाघर नहर प्रणाली व सोनपंप का संचालन नहीं करेगा तब तक समुचित ढंग से सिंचाई का पानी नहीं मिल पायेगा।