स्कूल चलो रैली में जगाई शिक्षा की अलख
मीरजापुर : जनपद के कई विद्यालयों में सोमवार को स्कूल चलो अभियान रैली निकाली गई। इसमें बच्चों व शिक्षकों ने लोगों को अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
लालगंज तहसील के गंगहरा कला न्याय पंचायत संसाधन केंद्र से निकली स्कूल चलो अभियान रैली को डीसी सामुदायिक सहभागिता बीएन द्विवेदी व क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें पूर्व माध्यमिक विद्यालय बामी, प्राथमिक विद्यालय बामी, प्राथमिक विद्यालय धसड़ा, प्राथमिक विद्यालय बिरितिया, राजपुर व जमुनहिया के साथ साथ विभिन्न विद्यालयों के करीब तीन सौ छात्र शामिल थे। रैली में बच्चों ने विभिन्न नारों के साथ अभिभावकों को अपने बच्चों को स्कूल भेजने को प्रेरित किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में बीएन द्विवेदी ने कहा कि हम सभी संकल्प लें कि आने वाले समय में हम अशिक्षा को दूर करेंगे। एनपीआरसी मनोज तिवारी, शिक्षक संघ के सुधीर तिवारी, दीपा बंसल, कंचना भारती, ज्योति वर्मा, अमृता सिंह, बाबूलाल, शिवगोपाल मौर्या, पूजा, अतुल श्रीवास्तव आदि थे।
वहीं विंध्याचल स्थित विंध्याटवी विवेकानंद बाल विद्या मंदिर के तत्वावधान में सोमवार को स्कूल चलो रैली निकाली गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्या अहिल्या देवी आदि थीं।
जमालपुर प्रतिनिधि के अनुसार: सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूल चलो अभियान की ब्लाक स्तरीय रैली निकाली गई। रैली में लगभग तीन दर्जन विद्यालयों के छात्रों ने हिस्सा लिया। ब्लाक मुख्यालय से बीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी ने झंडी दिखा कर रवाना किया। बाजार भ्रमण करते हुए रैली सेमरा, सिकंदरपुर, हनुमानपुर, गोगहरा, भदावल, मदरा, जलालपुर, घरवाह आदि गांवों का भ्रमण करते हुए पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमालपुर पहुंच कर समाप्त हुई। छात्र आदर्श वाक्य लिखे होर्डिंग के साथ सर्वशिक्षा अभियान से संबंधित नारे लगाकर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए लोगों का आह्वान कर रहे थे। रैली में एबीआरसी सरिता तिवारी, बृजेश कुमार सिंह, अमरेश सिंह, अरविंद त्रिपाठी, रमेश त्रिपाठी, सुरेंद्र सिंह, रिंकू मिश्रा, सुनील सिंह, सुभाष सिंह आदि थे।
रैली निकाल किया स्कूल चलने को प्रेरित
चुनार : नगरपालिका के वार्ड नंबर 16 सद्दूपुर स्थित नगर पालिका प्राथमिक विद्यालय प्रथम तथा नगरपालिका जूनियर बेसिक विद्यालय द्वितीय के बच्चों ने संयुक्त रूप से स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली। रैली नगर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुन: वापस प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। सभासद अखिलेश मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में शामिल छात्र छात्राओं ने नारे लगाकर अभिभावकों को जागरूक किया। रैली का संचालन रामवृक्ष यादव प्रभारी प्रधानाध्यापक ने किया। इस अवसर पर आशीष कुमार सिंह, बतुल बेगम, संध्या सिंह, तृप्ति कुशवाहा, इजहार अहमद, मुकेश कुमार सिंह आदि थे।