मौसम है खराब, जल्दी करें मड़ाई
मीरजापुर : दिन में कभी कड़ाके की धूप निकलती है तो कभी आसमान में घने बादल छा जाते हैं। ऐसे में धूलभरी आंधी और बूंदाबांदी भी शुरू हो जा रही है। इससे वातावरण में आर्द्रता 65 फीसद पहुंच जा रही है। आर्द्रता बढ़ने पर बादलों का बनना शुरू हो जाता है और उमस बढ़ने पर बरसात होने लगती है।
सुबह आरामदायक मौसम रहता है दोपहर में धूप खिली रहती है और उमस बना रहता है। यह मौसम खेती के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। इस समय तो पछुआ हवा चलना चाहिए। तभी आसमान साफ रहेगा। पुरवा हवा जब भी चलेगी धूलभरी आंधी और बादल छा जाएंगे। इसी तरह का मौसम पूरे अप्रैल भर रहेगा। वातावरण में आर्द्रता कम होने का नाम नहीं ले रही है। धूप अभी कड़ी हो रही है, थोड़े ही समय में जून जैसी गर्मी पड़ने लगती है।
सप्ताहभर पहले तीन चार दिन के लिए कड़ाके की धूप हुई तभी मौसम के गड़बड़ होने की संभावना बढ़ गई थी। अभी खेतों में गेहूं की फसलें पड़ी हैं। कृषि वैज्ञानिक डाक्टर श्रीराम सिंह का कहना है कि किसान इस मौसम में दिनरात एक कर मड़ाई कर फसलों को जितना जल्दी हो घर में ले आए तो अच्छा रहेगा। मौसम अभी इसी तरह का बना रहेगा। बीच-बीच में बरसात भी होती रहेगी।
कटाई की स्थिति पर एक नजर
कुल बोया गया क्षेत्रफल-91555 हेक्टेयर
अब तक काटी गई फसलें-50134 हेक्टेयर
खेतों में पड़ी फसलें-41421 हेक्टेयर
बरसात से चौपट हुई फसल
राजगढ़ शनिवार को हुई बरसात से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल भींग गई। कटाई व मड़ाई का कार्य ठप हो गया। किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जो किसान मध्य प्रदेश से मजदूर लाकर कटाई करवा रहे थे उन्हें दोहरा नुकसान हो रहा है। क्षेत्र के तालर, विसुनपुरा, धनसिरिया, पड़रवा, ददरा, नदिहार आदि गांवों में खेती पर असर पड़ा है। मौसम की मार से किसान परेशान हैं।