'भाजपाइयों के दबाव में काम कर रहा प्रशासन'
मेरठ : जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से सियासत में भूचाल आ गया है। मंगल
मेरठ : जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से सियासत में भूचाल आ गया है। मंगलवार को जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष व उनके पति अतुल प्रधान ने पत्रकार वार्ता कर प्रशासन पर भी सवालिया निशान लगाए। कहा कि प्रशासन, भाजपा के दबाव में काम कर रहा है।
अतुल प्रधान ने कहा कि भाजपा सत्ता के दबाव और धनबल के साथ लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि सोमवार को साढ़े तीन घंटे तक जिलाधिकारी आवास भाजपा की राजनीति का अड्डा बना रहा। उन्होंने प्रोजेक्टर पर कुछ तस्वीरें और वीडियो दिखाते हुए बताया कि डीएम आवास पर ही नौकरी करने वालों को बुलाया गया। वहीं पर शपथ-पत्र तैयार कराए गए और सदस्यों के भी हस्ताक्षर कराए गए। इस दौरान सदस्यों ने वहीं पर नाश्ता किया।
अतुल प्रधान ने कहा कि कुछ दिन पहले जिलाधिकारी को एक पत्र के माध्यम से धमकी मिली थी। जिलाधिकारी आवास बम से उड़ा दिया जाएगा। इसके बावजूद भाजपा नेताओं के सरकारी और प्राइवेट गनर राइफल, पिस्टल लेकर खुलेआम जिलाधिकारी आवास में घूमते रहे। कहा कि भले ही भाजपाइयों ने 19 सदस्यों के शपथ-पत्र दिए हों लेकिन पूरे 18 सदस्यों का समर्थन उन्हें प्राप्त है। विश्वास मतदान होगा तो वास्तविकता सभी के सामने आ जाएगी। जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह भी उपस्थित रहे।
सीमा साधे रहीं चुप्पी
जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान से मीडिया ने सवाल किए। उनसे किए गए सवालों पर अतुल ही सामने रहे। सीमा प्रधान अधिकांश सवालों पर चुप्पी साधे रहीं और अतुल ने जवाब दिए। वहीं जिलाध्यक्ष मोबाइल पर व्यस्त दिखे।