गत्ता फैक्ट्री में आग, दो झुलसे
मेरठ : टीपीनगर में शेखू पेट्रोल पंप के पीछे बनवारी वाटिका में गत्ता फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर आग ल
मेरठ : टीपीनगर में शेखू पेट्रोल पंप के पीछे बनवारी वाटिका में गत्ता फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर आग लग गई। एक दमकल कर्मी समेत दो लोग झुलस गए। आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।
ट्रांसपोर्टनगर में शेखू पेट्रोल पंप के पीछे बनवारी वाटिका कालोनी है। ब्रह्मापुरी निवासी अजय सिंघल की गत्ता फैक्ट्री है। शुक्रवार दोपहर को फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से आग लग गई। मजदूरों ने बाहर दौड़कर जान बचाई। आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन गत्तों के बंडलों ने आग पकड़ ली। पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। फैक्ट्री का ही कर्मचारी बलबीर निवासी जसवंतनगर टीपीनगर झुलस गया। मुख्य गेट से पानी डालना शुरू किया गया, लेकिन धुंए का गुबार दमकल कर्मियों पर ही आ गया। इसके बाद बराबर वाले प्लॉट में जाकर दीवार तोड़ी गई, जहां से हवा निकलने का रास्ता बनाया गया। फैक्ट्री के बराबर वाले मकान में लगा एसी भी आग के कारण तेज धमाके के साथ फट गया। मौके पर भगदड़ मच गई। आग बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी भारत भूषण भी झुलस गया। दोनों घायलों को केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब चार घंटे आग का तांडव रहा और लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया।
स्थानीय लोगों ने किया हंगामा
आग लगने के कारण आसपास के मकानों में धुंआ भर गया। दम घुटने के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए। आरोप लगाया कि बिना नक्शा पास कराये यहां फैक्ट्री चलाई जा रही है। एनओसी को लेकर भी सवाल उठाए। फैक्ट्री को कालोनी से हटाने की मांग करते हुए लोगों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने किसी तरह से भीड़ को शांत किया।
अधूरे मानक और हादसों को दावत
गत्ता फैक्ट्री के अंदर खामियां ही खामियां मिली। न तो आग बुझाने के संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था थी और न ही फैक्ट्री नियमों का पालन किया गया। जिस तरह से फैक्ट्री चलाई जा रही थी, उससे तो यही लगता है कि विभागीय अधिकारियों की शह पर ही सारा काम हो रहा था।
इन्होंने कहा..
आग के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। एक दमकल कर्मी भी झुलसा है। फैक्ट्री चलाने की एनओसी है या नहीं, इस बारे में जानकारी की जाएगी।
आइएस सोनी, सीएफओ मेरठ।